एबीवीपी के खिलाफ मोर्चा खोलने वाली रामजस कॉलेज की 20 वर्षीय छात्रा गुरमेहर सुर्खियों में लगातार बनीं हुई हैं। गुरमेहर ने कहा था कि मेरे पिता को पाकिस्तान ने नहीं, युद्ध ने मारा था, जिसके बाद से ही विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार को गुरमेहर के लिए केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू ने बड़ा बयान दे डाला। उन्होंने कहा कि "इस स्टूडेंट का दिमाग किसने खराब किया है।"
रिजिजू ने कहा कि राष्ट्रीयता को परिभाषित नहीं किया जा सकता। जिसने भी अफजल गुरु और आतंकियों की तरह देश बाटने की कोशिश की उन्हें देश विरोधी ही माना जाएगा। रिजिजू के इस बयान पर अमर उजाला डॉट कॉम ने पोल किया। पोल में सवाल पूछा 'क्या केंद्रीय मंत्री रिजिजू का यह कहना अशोभनीय है कि 'शहीद की बेटी' का दिमाग किसी ने खराब किया है?'
पहले दिन के नतीजों के मुताबिक पोल में कुल 9,215 पाठकों ने हिस्सा लिया। सबसे अधिक 51.69 फीसदी (4,763) पाठकों ने माना कि रिजिजू को इस तरह का बयान नहीं देना चाहिए था, ये अपने आप में अशोभनीय है। 46.38 फीसदी (4,274) पाठकों के मुताबिक रिजिजू का बयान अशोभनीय नहीं है। वहीं 1.93 फीसदी (178) पाठकों ने जवाब देने में असमर्थता जताई।