देशभर में मोदी सरकार की सर्जिकल स्ट्राइक पर बहस छिड़ी हुई है। सरकार की इस स्ट्राइक पर सबूत मांगे जा रहे हैं। हाल ही में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सर्जिकल स्ट्राइक पर बातें घुमा कर सवाल कर डाले। इसके खिलाफ बीजेपी ने उनका कड़ा विरोध किया और उन्हें आड़े हाथ भी लिया।
केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, 'माननीय केजरीवाल जी, आपको पता होना चाहिए कि आज आप पाकिस्तानी मीडिया की 'हेडलाइन' हो, राजनीति अपनी जगह है, लेकिन ऐसा कुछ न करिए जिसकी वजह से आर्मी अपमानित महसूस करे।' वरिष्ठ बीजेपी नेता ने कहा, 'जब पूरा देश एकजुट है, एक मुख्यमंत्री ने कुछ ऐसा कहा जिसकी वजह से पाकिस्तान और उसकी आर्मी सवाल उठा रहे हैं।'
बताते चलें कि केजरीवाल ने प्रधानमंत्री से सेना की कार्रवाई पर पाकिस्तान के झूठे प्रचार को गलत साबित करने की मांग की थी। इसी विषय पर अमर उजाला डॉट कॉम ने अपने पाठकों से राय जानने की कोशिश की। सवाल किया गया कि सर्जिकल स्ट्राइक पर हो रही सियासत के लिए आप किसे जिम्मेदार मानते हैं?
इसमें पाठकों को तीन विकल्प दिए गए, जिसमें पहला विकल्प बीजेपी रखा गया, दूसरा कांग्रेस और तीसरा केजरीवाल की आम आदमी पार्टी। कुल 8,047 पाठकों ने पोल में हिस्सा लिया, जिसमें सबसे अधिक 43.36 फीसद यानी 3,489 पाठकों ने तीसरे विकल्प को चुना। इनका मानना है कि केजरीवाल सरकार की सर्जिकल स्ट्राइक पर सबूत मांग कर अपनी राजनीति खेल रह हैं और वही इस पर हो रही सियासत के लिए जिम्मेदार हैं। 28.79 फीसद यानी 2,317 लोगों ने पहले विकल्प को चुनते हुए बीजेपी को सियासत के लिए जिम्मेदार माना। वही 27.85 फीसद यानी 2,241 पाठकों ने कांग्रेस को जिम्मेदार माना है।