आखिरकार नोटबंदी का एक साल 8 नवंबर को पूरा हो गया। इस फैसले पर विपक्ष लगातार हमलावर है और उन्होंने मिलकर नोटबंदी की सालगिराह का देशभर में विरोध किया। वहीं इसके फायदे गिनाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक वीडियो का सहारा लिया। वीडियों में बताया गया कि सरकार ने इतना कड़ा फैसला क्यों लिया।
सात मिनट के इस वीडियो में बताया गया कि देश 2014 से पहले भ्रष्टाचार और काले धन से जूझ रहा था। नोटबंदी से आतंकवाद और नक्सलवाद के कम होने की बात कही गई है। दिखाया गया है कि नोटबंदी के बाद 75 प्रतिशत पत्थरबाजी कम हो गई। कहा गया है कि नोटबंदी के बाद काला धन कोने-कोने और चप्पे-चप्पे से निकला था।
इस विषय पर अमर उजाला डॉट.कॉम ने पोल कराया और पाठकों से सवाल पूछा कि 'क्या आप लगता है कि नोटबंदी के बाद डिजिटल पेमेंट का उपयोग बढ़ा है? इस सवाल के जवाब में पाठकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
कुल 13544 पाठकों ने पोल में हिस्सा लिया। 68.36 फीसदी (9259 वोट) पाठकों ने माना कि नोटबंदी के बाद डिजिटल पेमेंट का उपयोग बढ़ा है। जबकि 28.74 फीसदी पाठक (3892 वोट) लोगों का कहना है कि डिजिटल पेमेंट का उपयोग नहीं बढ़ा। वहीं, 2.9 फीसदी (393 वोट) पाठकों ने कह नहीं सकते विकल्प को चुना।