नोटबंदी के लागू होने के कुछ दिनों बाद से ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से डिजिटल पेमेंट पर जोर देने की अपील शुरू कर दी थी। इस अपील के सकारात्मक असर का जिक्र इस बार उन्होंने आकाशवाणी पर प्रसारित 'मन की बात' में किया। प्रधानमंत्री ने डिजिटल ट्रांजेक्शन में तेजी से हो रही बढ़ोतरी पर संतोष जताते हुए कहा कि इससे भ्रष्टाचार पर नकेल कसने में मदद मिल रही है।
पीएम ने कहा कि डिजिटल ट्रांजेक्शन से भ्रष्टाचार को काफी हद तक नियंत्रित किया जा सकता है। उन्हें खुशी है कि देश में डिजिटल ट्रांजेक्शन का चलन बढ़ रहा है। डिजिटल पेमेंट से भ्रष्टाचार और कालेधन पर लगाम कसने के मुद्दे पर अमर उजाला डॉट कॉम ने पोल किया। ऑनलाइन पोल में सवाल पूछा गया था कि डिजिटल पेमेंट से भ्रष्टाचार और कालेधन पर लगाम लगेगी? इस मुद्दे पर
कुल 9,447 पाठकों ने पोल में हिस्सा लिया। सबसे अधिक 71.98 फीसदी (6,800) पाठकों ने प्रधानमंत्री की बात का समर्थन करते हुए कहा कि डिजिटल पेमेंट से कालेधन और भ्रष्टाचार पर लगाम कस पाएगी। वहीं 25.89 फीसदी (2,446) पाठक प्रधानमंत्री के दावे से सहमत नजर नहीं आए। जबकि 2.13 फीसदी (201) पाठकों ने जवाब देने में अमर्थता जताई।