जेडीयू ने मंगलवार को हुई बैठक में आरजेडी को लेकर अपनी राय साफ कर दी है। जदयू ने तथ्यों के साथ अपना पक्ष रखने के लिए आरजेडी को चार दिन का समय दिया है। जदयू प्रवक्ता नीरज कुमार ने बिना किसी का नाम कहा कि हम गठबंधन धर्म का पालन करना जानते हैं लेकिन जिनको आरोपी बनाया गया है, उम्मीद करते हैं कि वे तथ्यों के साथ जनता के समक्ष अपनी बेगुनाही साबित करेंगे।
वहीं महागठबंधन पर संकट के बादल लगातार मंडरा रहे हैं और कांग्रेस से लेकर आरजेडी चीफ लालू प्रसाद यादव इसे बचाने में लगे हुए हैं। हालांकि आरजेडी विधायकों ने कहा कि तेजस्वी इस्तीफा नहीं देंगे। उन्होंने कहा कि वे हैं हमारे नेता और हमेशा रहेंगे।
इसी मसले को लेकर अमर उजाला ने पोल किया और अपने पाठकों से सवाल पूछा कि 'सीबीआई के छापों के बाद क्या बिहार के उप मुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव को अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए?
अमर उजाला के इस पोल में कुल 14,395 पाठकों ने हिस्सा लिया। पोल में 10587 (73.55% ) लोगों का कहना है कि बिहार के उप मुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव को अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए। वहीं 3524 पाठकों (24.48%) का मानना है कि तेजस्वी यादव को इस्तीफा नहीं देना चाहिए। जबकि 284 लोगों ने अपनी कोई प्रतिक्रिया नहीं दी।