मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ समेत सभी पांचों राज्यों में हुए विधानसभा चुनावों के नतीजों का सीधा असर केंद्र की राजनीति पर पड़ने वाला है। लोकसभा चुनाव से पहले सत्ता का सेमीफाइनल कहे जा रहे इन पांच राज्यों के चुनाव में कांग्रेस ने भाजपा को करारी शिकस्त दी।
कांग्रेस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए भाजपा के हाथ से छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश और राजस्थान छीन लिया। इसमें छत्तीसगढ़ को भाजपा का मजबूत गढ़ माना जाता था, लेकिन यहां करारी हार का सामना करना पड़ा। इसके अलावा मध्य प्रदेश में भी कांग्रेस ने भाजपा से ज्यादा सीटें और सरकरा बनाई।
इसी विषय पर अमर उजाला डॉट कॉम ने ऑनलाइन पोल में अपने पाठकों से सवाल पूछा था 'क्या पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों के नतीजों का असर केंद्र की राजनीति पर भी पड़ेगा?
पोल के जवाब में हमें कुल 8930 वोट मिले। इनमें 69.35 फीसदी (6193 वोट) पाठकों ने माना कि पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों के नतीजों का असर केंद्र की राजनीति पर भी पड़ेगा, जबकि 30.65 फीसदी (2737 वोट) पाठकों ने माना कि पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों के नतीजों का असर केंद्र की राजनीति पर नहीं पड़ेगा।