इन दिनों आक्रमक नजर आ रहे कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी को जल्द ही पार्टी की कमान मिल सकती है। सोनिया गांधी की अध्यक्षता में हुई कांग्रेस कार्य समिति की बैठक में अध्यक्ष के चयन की प्रक्रिया शुरू करने का निर्णय ले लिया गया।
सीडब्ल्यूसी की सिफारिश के आधार पर केंद्रीय चुनाव प्राधिकरण के अध्यक्ष एम रामचंद्रन ने प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस चुनाव प्रक्रिया के आधार पर पांच दिसंबर तक राहुल गांधी के निर्विरोध अध्यक्ष चुन लिए जाने की उम्मीद है।
सूत्र बताते हैं कि पार्टी के नए, पुराने सभी नेता एक सुर से राहुल गांधी को अध्यक्ष बनाना चाहते हैं। ऐसे में राहुल गांधी के विरुद्ध किसी कांग्रेस सदस्य के खड़े होने के बिल्कुल भी आसार नहीं हैं।
इस विषय पर अमर उजाला डॉट.कॉम ने पोल कराया और पाठकों से सवाल पूछा कि 'क्या राहुल गांधी को कांग्रेस का अध्यक्ष बनाने से पार्टी मजबूत होगी? सवाल के जवाब में पाठकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
कुल 12839 पाठकों ने पोल में हिस्सा लिया। 38.52 फीसदी (4945 वोट) ऐसा होने से पार्टी मजबूत होगी। जबकि 57.35 फीसदी पाठक (7363 वोट) लोगों ने कहा कि राहुल के अध्यक्ष बनने से पार्टी मजबूत नहीं होगी। वहीं, 4.14 फीसदी (531 वोट) पाठकों ने कह नहीं सकते विकल्प को चुना।