दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने पश्चिम बंगाल में सीबीआई मामले पर प्रधानमंत्री मोदी पर निशाना साधा है। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि लोकतंत्र को मोदी ने मजाक बना दिया है। संवैधानिक ढांचे पर प्रहार कर रहे है। पिछले दिनों उन्होंने दिल्ली सरकार से एंटी करप्शन ब्रांच को छीन दिया। मोदी व अमित शाह की जोड़ी भारतीय लोकतंत्र के लिए खतरा है। मैं कड़े शब्दों में इसकी निंदा करता हूं।
दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने आज न्यूज एजेंसी एएनआई से बात करते हुए सीबीआई बनाम ममता विवाद पर कहा कि केंद्र सरकार ने जो भी पश्चिम बंगाल में किया वह बहुत ही खतरनाक और संविधान व लोकतंत्र के खिलाफ है। हर राज्य के पास चुनी हुई सरकार है, अगर प्रधानमंत्री इस तरह से सीबीआई और ईडी को भेजकर अफसरों को डराते रहे तो यह देश सुरक्षित नहीं रह जाएगा।
इसी विषय पर अमर उजाला डॉट कॉम ने ऑनलाइन पोल में अपने पाठकों से सवाल पूछा था 'क्या सीबीआई के खिलाफ कार्रवाई जैसा कदम देश में संवैधानिक संकट की स्थिति बना सकता है?
पोल के जवाब में हमें कुल 4663 वोट मिले। इनमें 75.34 फीसदी (3513 वोट) पाठकों ने माना कि सीबीआई के खिलाफ कार्रवाई जैसा कदम देश में संवैधानिक संकट की स्थिति बना सकता है, जबकि 24.66 फीसदी (1150 वोट) पाठकों ने माना कि सीबीआई के खिलाफ कार्रवाई जैसा कदम देश में संवैधानिक संकट की स्थिति नहीं बना सकता।