कोरोना संक्रमण की बात छुपाने और पार्टियों में शरीक होने की वजह से लोगों की आलोचनाओं का शिकार हुईं बॉलीवुड गायिका कनिका कपूर ने अब कोविड-19 संक्रमित मरीजों के इलाज के लिए अपना प्लाज्मा देने की पेशकश की है। इसके लिए उन्होंने एसजीपीजीआई से संपर्क किया है। डॉक्टरों की टीम जल्द ही उनके शालीमार गैलेंट अपार्टमेंट पहुंच जाएगी।
संक्रमण की बात छुपाने की वजह से उनपर पुलिस ने मामला भी दर्ज किया है। इसके लिए उन्हें नोटिस दिया जा चुका है। जांच अधिकारी जेपी सिंह ने बताया कि 30 अप्रैल को कनिका का बयान दर्ज किया जाएगा जिसके लिए कानूनी प्रक्रिया शुरू हो गई है। सिंह का कहना है कि कनिका पूरी तरह स्वस्थ हैं और जांच में सहयोग कर रही हैं। कनिका ने खुद ही नोटिस प्राप्त किया।
बता दें कि कनिका कपूर के खिलाफ सरोजनी नगर थाने में दूसरों की जान खतरें में डालने सहित आईपीसी की धारा 188,269 और 270 के तहत केस दर्ज किया गया है। उन पर आरोप है कि उन्होंने लंदन से आने के बाद खुद को क्वारंटीन नहीं किया और मुंबई से लेकर लखनऊ और फिर कानपुर में पार्टी करती रहीं। कोरोना संक्रमित होने से उनके साथ ही अन्य लोगों की भी जांच का खतरा उत्पन्न हो गया। हालांकि, उनकी पार्टी में शामिल होने वाले कई लोगों ने खुद को क्वारंटीन कर लिया था।
17 मार्च को मिले थे कोरोना के लक्षण
17 मार्च को कनिका में कोरोना के लक्षण मिले थे जिसके बाद 19 मार्च को उनका सैंपल जांच के लिए भेज दिया गया था। 20 मार्च को उनकी रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई थी जिसके बाद से उनका इलाज चलता रहा। उनकी रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद उन्हें घर भेज दिया गया। जहां उन्होंने खुद को 21 दिनों के लिए क्वारंटीन कर लिया। अब वह स्वस्थ हैं तो पुलिस ने अपनी कार्रवाई शुरू कर दी है।