नोटबंदी के बाद सरकारी खजाने में 1000 और 500 रुपए के कितने नोट वापस आए ये सुप्रीम कोर्ट से लेकर आम आदमी तक जानना चाहता था। आठ महीने तक नोटवापसी पर सस्पेंस बने रहने के बाद आरबीआई की वेबसाइट पर वापस आए नोटों का आंकड़ा चौंकाता है।
भारतीय रिजर्व बैंक ने अपनी वेबसाइट पर आंकड़ा देते हुए बताया है कि 1000 के 99 फीसदी नोट बैंकिंग सिस्टम में वापस आ गए हैं। टाइम्स ऑफ इंडिया की खबर के मुताबक मार्च 2017 तक 1000 रुपए के 8,925 करोड़ नोट सर्कुलेशन मे थे, अगर आंकड़ों पर सटीक निगाह डाली जाए तो 98.7 फीसदी नोट आरबीआई में लौट आए हैं।
वित्त राज्य मंत्री संतोष गंगवार ने फरवरी में दिए अपने बयान में बताया था कि 8 नवंबर तक 1000 रुपए का करीब 6.86 करोड़ नोट सर्कुलेशन में था। मार्च 2017 तक महज 1.3 फीसदी ही सर्कुलेशन में रह गया यानी 98.7 फीसदी नोट ने घर वापसी (आरबीआई) कर ली है। टाइम्स की रिपोर्ट में कहा गया है कि इस बाबत आरबीआई से पूछने पर कोई जवाब नहीं मिला है।
अब बात अगर 500 रुपए की करें तो ऐसा माना जा रहा है कि वो नोट भी शतप्रतिशत वापस आ गए होंगे। जेएनयू के प्रोफेसर सुरजीत मजूमदार नोटों की घर वापसी के बारे में कहते हैं कि इसका मतलब है कालाधन न के बराबर खत्म हुआ है।
नोटबंदी के दौरान 15.4 लाख करोड़ की करेंसी चलन से बाहर हो गई थी। इसमें 44 फीसदी 1000 के ही नोट थे और 56 फीसदी 500 के थे। सरकार ने नोट वापसी के सवाल पर जून में कहा था कि आरबीआई वापस आए नोटों की गिनती कर रहा है और उसमें समय लग सकता है।