रेलवे में नौकरी का ख्वाब देख रहे दिव्यांगजनों की मुराद जल्द पूरी होगी। रेलवे भर्ती प्रकोष्ठ (आरआरसी) इलाहाबाद की ओर से दिव्यांगजनों के लिए ली गई ऑनलाइन परीक्षा का रिजल्ट आने के बाद अब मेडिकल एवं डाक्यूमेंट वैरीफिकेशन किया जाना है।
यह बाधा पार करते ही ग्रुप डी के 445 पदों पर दिव्यांगजनों की तैनाती हो जाएगी। आरआरसी की ओर से मेडिकल जांच एवं डाक्यूमेंट वैरीफिकेशन की तिथि मुकर्रर कर दी गई है। मेडिकल जांच रेलवे हास्पिटल में 08 से 12 अगस्त एवं 16 अगस्त को होगी।
बता दें कि आरआरसी इलाहाबाद की ओर से विशेष भर्ती के तहत दिव्यांगजनों की ग्रुप डी के विभिन्न पदों पर भर्ती के लिए 22 से 26 फरवरी के मध्य ऑनलाइन परीक्षा ली गई थी।
परीक्षा में योग्य पाए गए अभ्यर्थी जिन्होंने उत्तर मध्य रेलवे (एनसीआर) का विकल्प दिया था, उनका दस्तावेज एवं मेडिकल परीक्षण अब होना है।
आरआरसी इलाहाबाद के अध्यक्ष विवेक प्रकाश के मुताबिक दस्तावेज सत्यापन वाल्मीकि रोड स्थित आरआरसी कार्यालय में होगा।
उन्होंने बताया कि दस्तावेज सत्यापन के लिए बुलाए गए अभ्यर्थी उपलब्ध रिक्तियों 445 के बराबर हैं। अगर अभ्यर्थी अनुपस्थित रहता है तो समान संख्या में अभ्यर्थियों को प्रशासनिक जरूरतों पर दस्तावेज सत्यापन के लिए बुलाया जा सकता है।