केरल के कालीकट अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर शुक्रवार को उस समय बड़ा हादसा होने से बच गया जब स्पाइसजेट का विमान हवाई पट्टी पर उतरते समय अचानक फिसल गया। यह विमान बंगलूरू से लगभग 60 यात्रियों को कालीकट ले जा रहा था।
विमान की लैंडिंग के बाद सुबह के 8:30 बजे हुए इस हादसे की वजह से रनवे की कुछ गाइडिंग लाइटें क्षतिग्रस्त हो गईं। हवाई अड्डा टर्मिनल प्रबंधक ने जानकारी देते हुए बताया कि खराब मौसम और लगातार बारिश होने के कारण विमान हवाई पट्टी से फिसल गया था।
हालांकि पायलट ने बड़ी सूझबूझ का परिचय देते हुए विमान को नियंत्रित कर लिया और टर्मिनल तक सुरक्षित पहुंचा दिया। इस घटना में कोई यात्री घायल नहीं हुआ। वहीं इस घटना की वजह से कालीकट से चेन्नई और बंगलूरू जाने वाली दो विमानों को रद्द कर दिया गया।