देश में गर्मी बढ़ती हुई
- फोटो : ANI
मौसम विभाग ने बताया है कि ये गर्म और सूखा मौसम मई के आखिर तक रहेगा। लू का सितम दिल्ली से लेकर पंजाब, हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उत्तरी राजस्थान में जारी रहेगा। मध्य भारत के राज्यों में भी 28 मई तक स्थिति ऐसी ही बनी रहेगी। हालांकि, पूर्वोत्तर के राज्यों में भारी बारिश का अनुमान हैं। वहीं, केरल और दक्षिणी कर्नाटक में भी हल्की बारिश हो सकती है।
मध्यप्रदेश में 43 से 45 डिग्री के बीच रहेगा पारा
आईएमडी ने भविष्यवाणी की है कि मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में आज तापमान 45 डिग्री तक पहुंच सकता है। साथ ही विभाग का अनुमान है कि आने वाले दिनों में पारा 43 से 45 डिग्री के बीच रहने वाला है।
अमृतसर में 44 डिग्री तापमान दर्ज किया गया
पंजाब के अमृतसर शहर में मंगलवार को 44 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने कहा है कि आने वाले दिनों में तापमान 32 से 44 डिग्री के बीच रहेगा। विभाग ने कहा है कि लोग दोपहर के समय घरों से बाहर निकलने से बचें।
गर्मी में वाहन चलाता युवक
- फोटो : ANI
मौसम विभाग के अनुसार, मध्य भारत में कई स्थानों पर 45 डिग्री सेल्सियस और उससे अधिक तापमान दर्ज किया जा रहा है। जिस कारण लोगों को बहुत भयंकर गर्मी की स्थिति का सामना करना पड़ रहा है। महाराष्ट्र के नागपुर शहर में मंगलवार को पारा 47 डिग्री तक पहुंच गया।
क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र, नागपुर के मौसम विज्ञानी एमएल साहू ने कहा कि तीन दिनों के लिए विदर्भ के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। पांचवें दिन से तापमान के नीचे जाने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि पश्चिमी और पूर्वी मध्यप्रदेश में दो दिन के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। यहां तीन दिन बाद तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। वहीं, छत्तीसगढ़ में दो दिन के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
जूस से अपनी प्यास बुझाने की कोशिश करते लोग
- फोटो : ANI
आईएमडी में वैज्ञानिक डॉ नरेश कुमार ने बताया है कि देश के कई हिस्सों में भयंकर हीटवेव चल रही है। इसके मुख्य रूप से अगले दो दिनों तक जारी रहने की संभावना है। हरियाणा, पश्चिमी मध्यप्रदेश, विदर्भ और राजस्थान में रेड अलर्ट जारी किया गया है। हालांकि, अगले दो दिनों के बाद पश्चिमी विक्षोभ के कारण तापमान में मामूली गिरावट आएगी।
गर्मी से बचने के लिए खुद को ढककर वाहन चलाती महिला
- फोटो : ANI
मौसम विभाग ने बताया है कि इस सप्ताह के आखिर तक भयंकर गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। 28 मई को एक नया विक्षोभ जम्मू-कश्मीर के पास पहुंच रहा है जिससे पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश होगी। पंजाब और उत्तरी हरियाणा में भी इस वजह से बारिश हो सकती है। इसी तारीख से महाराष्ट्र के तटीय हिस्सों में भी बारिश का अनुमान है। 29-31 मई आते-आते देश के कई हिस्सों में बारिश शुरू हो जाएगी। दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और राजस्थान में धूलभरी आंधी चलने के भी आसार हैं।
राहगीर की प्यास बुझाता व्यक्ति
- फोटो : ANI