भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्या ने शनिवार को मुरादाबाद में मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को सूबे का सबसे विफल सीएम बताते हुए उनके इस्तीफे की मांग की है। उन्होंने कहा कि आज पूरे प्रदेश में सपा नेता पब्लिक की जमीनों पर कब्जा कर रहे हैं और उन्हें मुख्यमंत्री का खुला संरक्षण हासिल है।
महापौर उपचुनाव में जनसभा को संबोधित करने मुरादाबाद पहुंचे केशव प्रसाद मौर्या ने प्रेस वार्ता में कहा कि अखिलेश देश के सबसे अधिक धोखेबाज सीएम हैं। उन्होंने बेरोजगारों, किसानों, व्यापारियों समेत समाज के हर वर्ग को धोखा दिया है। बोले, प्रदेश में चारों ओर गुंडाराज और भय का माहौल है।
उन्होंने आरोप लगाया कि यूपी की सरकार मुस्लिम तुष्टिकरण में अंधी है, जिसकी वजह से पहले कैराना से लोगों ने पलायन किया और अब अलीगढ़ में यही हालात हैं। डरे-सहमे लोगों ने अपने घरों पर ‘हाउस फॉर सेल’ की पट्टिकाएं लगा दी हैं।