लोकसभा में मादक द्रव्य सेवन मामले में हुई चर्चा में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान अकाली दल की सांसद हरसिमरत कौर का निशाना बन गए। हरसिरमत कौर ने कहा कि आज पंजाब की कमान उन हाथों में है जो खुद शराब का सेवन करते हैं।
चर्चा की शुरुआत करते हुए कौर ने कहा कि पंजाब के वर्तमान सीएम कभी इसी सदन के सदस्य थे, जो शराब के नशे में यहां आते थे। उनकी ही पार्टी के सांसद अपनी सीट बदलने का आग्रह करते थे। अब वही भगवंत मान पंजाब के सीएम हैं। हमें सड़कों पर ‘डोंट ड्रिंक एंड ड्राइव’ लिखा मिलता है, मगर पंजाब में तो ड्रिंक करके राज्य को ही ड्राइव किया जा रहा है। चर्चा के दौरान बिहार में जहरीली शराब के मुद्दे पर भाजपा और जदयू सदस्यों के बीच तीखी नोंकझोंक हुई।
राज्यसभा उपाध्यक्षों के पैनल में पीटी उषा और विजय साई रेड्डी शामिल
राज्यसभा के उपाध्यक्षों के पैनल में मनोनीत सदस्य पीटी उषा और वाईएसआर कांग्रेस के वी विजयसाई रेड्डी का नाम भी जुड़ गया है। सभापति जगदीप धनखड़ ने यह घोषणा करते हुए कहा कि यह पहली बार हुआ है, जब मनोनीत सदस्य को उपाध्यक्षों के पैनल में शामिल किया गया है। हालांकि सभापति ने कुछ दिन पहले ही पैनल का गठन किया है। इसमें टीएमसी के सुखेंदु शेखर राय, एनसीपी की वंदना चव्हाण, कांग्रेस के एल हनुमंथैया, बीजेडी के सस्मित पात्रा, द्रमुक के तिरुची शिवा और भाजपा से भुवनेश्वर कलिता, सरोज पांडे तथा सुरेंद्र सिंह नागर हैं। गौरतलब है कि इससे पहले पीटी उषा को भारतीय ओलंपिक संघ की पहली महिला अध्यक्ष चुना गया है।
प्राक्कलन समिति ने की खेलों का बजट बढ़ाने की सिफारिश
लोकसभा की प्राक्कलन समिति ने केंद्र सरकार से खेलों को प्राथमिकता देते हुए खेलों का बजट बढ़ाने की सिफारिश की है। समिति ने कहा कि कोरोना महामारी के बाद देश को खेलों की महाशक्ति बनाने के लिए खेलों पर और अधिक ध्यान देने की जरूरत है, जिसके चलते खेल और भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) का बजट बढ़ाया जाना चाहिए।
गिरीश बालचंद्र बापट की अध्यक्षता वाली समिति ने लोकसभा में रखी गई अपनी रिपोर्ट में कहा कि अन्य क्षेत्रों के मुकाबले खेलों पर नाममात्र की राशि खर्च की जा रही है। खेलों का वर्तमान बजट देखकर लगता है कि खेल, सरकार की मुख्य योजनाओं का हिस्सा नहीं हैं।