शरद पवार-अजित पवार (फाइल फोटो)
- फोटो : PTI
महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री अजित पवार ने शनिवार को भाजपा के विधान परिषद सदस्य गोपीचंद पडलकर द्वारा राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के प्रमुख शरद पवार को लेकर की गई विवादित टिप्पणी को लेकर उनपर निशाना साधा। पडलकर ने हाल ही में कथित तौर पर टिप्पणी की थी, (शरद) पवार एक कोरोना हैं, जिसने महाराष्ट्र को संक्रमित किया।
अजित पवार ने यहां कहा, हर व्यक्ति को अपने मूल्यों को दिमाग में रखते हुए बोलना चाहिए। लोगों को एक-दूसरे का सम्मान करना चाहिए। यह हमारी परंपरा है। हमें यही सीख दिवंगत यशवतंराव चव्हाण (महाराष्ट्र के पहले मुख्यमंत्री) ने दी थी और हमें इसका पालन करना चाहिए।
शरद पवार के भतीजे अजित पवार सतारा जिले में कोविड-19 के हालात का जायजा लेने के बाद संवाददाताओं से बात कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पिछले साल हुए चुनाव में बारामती विधानसभा सीट पर पडलकर की जमानत तक जब्त हो गई थी।
वित्त मंत्रालय भी संभालने वाले पवार ने कहा कि उन्होंने आने वाले तीन-चार दिन में सतारा जिला अस्पताल में कोविड-19 की जांच के लिए प्रयोगशाला स्थापित करने के निर्देश दिए हैं।