सेना प्रमुख
विपिन रावत के बयान के बाद अब ऑल इंडिया डेमोक्रेटिक फ्रंट (
AIUDF) मुखिया बदरुद्दीन अजमल ने उनपर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि रावत सेना प्रमुख हैं लेकिन उनका बयान राजनीति से प्रेरित है। यह बयान उन पर शोभा नहीं देता है। हम उनकी बहुत इज्जत करते हैं लेकिन उनका यह बयान हजम नहीं हो रहा है।
बता दें कि आर्मी चीफ ने कहा कि चीन और पाकिस्तान भारत की मजबूती को हिलाने में कामयाब नहीं हो पा रहे हैं इसलिए उन्होंने प्रॉक्सी वॉर का रास्ता चुना है। उत्तरी पूर्व के रास्ते भारत आने वाले शरणार्थियों को आर्मी चीफ ने चीन की चाल बताया है। उनका कहना है कि चीन की मिलीभगत से भारत में पाकिस्तान इस रास्ते अपने आतंकी भेज रहा है। बुधवार को राजधानी में उत्तर पूर्व में सीमा सुरक्षा को लेकर हुए एक सेमिनार में आर्मी चीफ ने यह बात कही है।
इस मौके पर आर्मी चीफ ने राजनीतिक संगठन AIUDF का जिक्र कर दिया जिस पर विवाद गरमा गया। पड़ोसी देशों की ओर इशारा करते हुए कहा कि जिस तरह कश्मीर में अशांति फैलाने के लिए आतंकवादी भेजे जाते हैं। उसी तरह नार्थ ईस्ट में अशांति फैलाने के लिए अवैध आबादी को भारत में भेजा जाता है। इसके पीछे सेना प्रमुख ने वोट बैंक की राजनीति को दोषी बताया। उन्होंने कहा कि नार्थ ईस्ट में AIUDF नाम का राजनीतिक संगठन विकास कर रहा है। इस पार्टी का विकास बीजेपी के मुकाबले तेज हुआ है। हालांकि सेना ने कहा है कि इसमें ‘राजनीतिक’ और ‘धार्मिक’ जैसा कुछ भी नहीं है।