"पहले वह क्यों डर गए थे? अब अचानक किसी को बदनाम करने के लिए साहसी कैसे बन गए?" कुछ यही लब्बोलुआब था ऑल इंडिया रेडियो के उस ट्वीट का जिस पर अब बवाल मच गया है। हालांकि हंगामा मचते ही उस ट्वीट को डिलीट कर दिया गया। लेकिन तब तक मामला सबकी नजर में आ चुका था।
असल में गुरुवार को यह ट्वीट ऑल इंडिया रेडियो के अधिकारिक ट्विटर हैंडल से किया गया था। जिसमें आरएसएस के मुद्दे पर सुप्रीम कोर्ट में कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी द्वारा दायर याचिका को वापस लेने पर तंज कसते हुए उनकी आलोचना की गई थी।
बता दें कि कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी आरएसएस पर दिए अपने उस बयान जिसमें उन्होंने संघ को महात्मा गांधी का हत्यारा कहा था पर पुराने रुख से पलट गए हैं। पूर्व में यह मामला सुप्रीम कोर्ट में जाने पर राहुल गांधी ने बयान को वापस लेने की बात कही थी लेकिन कल सुप्रीम कोर्ट में उनकी ओर से दायर किए गए हलफनामे में उन्होंने अपने बयान पर कायम रहने की बात कही।