कुछ दिन पहले सस्ते एयर फेयर का तोहफा देने वाली एयरलाइन कंपनियों ने अब किराया बढ़ाने की तैयारी कर ली है। जेट ऑयल के दामों में बढोत्तरी के कारण एयरलाइंस कंपनियां किराए में वृद्िध कर सकती हैं।
पिछले कुछ समय से कच्चे तेल के दामों में लगातार वृद्िध देखने को मिली है। जिसका असर पेट्रोलियम मार्केट पर भी पड़ रहा है। डीजल और पेट्रोल के दाम पिछले कुछ दिनों में लगातार बढ़े हैं। जिसका असर अब जेट फ्यूल पर भी पड़ा है।
इकोनॉमिक टाइम्स की खबर के अनुसार नवंबर के बाद से जेट फ्यूल के दामों में लगातार इजाफा हुआ है। जनवरी में यह अपने उच्चतम स्तर पर पहुंच गया। बीते नवंबर के मुकाबले ही जेट फ्यूल की कीमतों में 8 फीसदी का इजाफा हुआ है।
ऐसे में एयरलाइन कंपनियों के पास कीमतें बढ़ाने के अलावा कोई चारा नहीं रह गया है। संभावना है कि विमान कंपनियां घरेलू उड़ानों पर तेल की कीमतों का बोझ डाल सकती हैं जिससे किराया महंगा होने की पूरी संभावना है।