गुजरात में पिछले सप्ताह हुए भीषण एअर इंडिया विमान हादसे के बाद अहमदाबाद एयरपोर्ट के आसपास के क्षेत्रों का सर्वेक्षण किया जाएगा। गुरुवार को एक शीर्ष जिला अधिकारी ने यह जानकारी दी। इस हादसे में कुल 270 लोगों की जान गई थी।
हवाई अड्डों के पास की इमारतों का होगा सर्वे
अहमदाबाद के जिला कलेक्टर सुजीत कुमार ने संवाददाताओं को बताया, नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) के दिशा-निर्देशों के अनुसार, अहमदाबाद नगर निगम और नागरिक विमानन विभाग के अधिकारियों द्वारा सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के आसपास के क्षेत्रों का सर्वेक्षण किया जाएगा।
उन्होंने कहा, सर्वे पूरा हो जाने के बाद, आगामी आवश्यक कार्य शुरू कर दिए जाएंगे। कुमार ने नागरिक उड्डयन मंत्रालय द्वारा जारी विमान (बाधाओं का विध्वंस) नियम, 2025 के मसौदे का हवाला दिया, जिसमें हवाई अड्डों के पास विमान सुरक्षा के लिए खतरा पैदा करने वाली संरचनाओं पर नियंत्रण कड़ा करने की बात कही गई है।
मसौदा नियमों का उद्देश्य अधिकारियों को उन इमारतों, पेड़ों या अन्य वस्तुओं के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करने का अधिकार देना है जो निर्दिष्ट हवाई अड्डे क्षेत्रों में निर्धारित ऊंचाई सीमाओं का उल्लंघन करते हैं। अधिकारी ऐसी संरचनाओं को लेकर नोटिस जारी कर सकते हैं और ऊंचाई कम करने या ध्वस्त करने की कार्रवाई शुरू कर सकते हैं।
जिला कलेक्टर ने कहा, सर्वेक्षण का कार्य निर्धारित समय में पूरा कर लिया जाएगा। हवाई अड्डे के आसपास सर्वेक्षण का क्षेत्र नागरिक विमानन टीम द्वारा तय किया जाएगा।’’उन्होंने कहा कि सर्वेक्षण टीम का जल्द गठन किया जाएगा।
हादसे में 270 लोगों की हुई थी मौत
बता दें कि 242 लोगों को लेकर लंदन जा रहा बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर विमान 12 जून की दोपहर अहमदाबाद एयरपोर्ट से उड़ान भरने के कुछ ही क्षणों बाद मेघाणीनगर क्षेत्र में स्थित एक मेडिकल हॉस्टल कॉम्प्लेक्स के उपर दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। विमान में आग लगने के कारण हुए इस भयावह हादसे में 241 यात्रियों, क्रू मेंबर्स और जमीन पर मौजूद लोगों समेत कुल 270 लोगों की मृत्यु हो गई थी।
पिछले सप्ताह हुए इस हादसे में विमान दोपहर 1.39 बजे अहमदाबाद एयरपोर्ट से रवाना हुआ था। उड़ान भरने के तुरंत बाद ही पायलट ने ‘मेडे’कॉल देकर एयर ट्रैफिक कंट्रोल को आपात स्थिति की जानकारी दी। कुछ ही पलों में विमान एयरपोर्ट परिसर के बाहर स्थित मेडिकल कॉम्प्लेक्स से टकरा गया।
ये भी पढ़ें: Air India Tragedy: 'विमान और उसके इंजन में उड़ान से पहले कोई समस्या नहीं थी', हादसे पर बोले एअर इंडिया के CEO