एयर इंडिया के पायलट अब अपने लिए फ्लाइट उड़ाने के दौरान बर्गर-पिज्जा जैसा खास भोजन नहीं ऑर्डर कर पाएंगे, बल्कि उन्हें ‘कंपनी की तरफ से क्रू स्टाफ के लिए तय किया गया भोजन’ ही खाना होगा। यह आदेश पायलटों के साथ-साथ फ्लाइट में मौजूद क्रू के अन्य सदस्यों पर भी लागू होगा। इसके लिए एयर इंडिया ने एक आंतरिक ई-मेल जारी कर अपने सभी पायलटों को सूचित कर दिया है।
सरकारी एयरलाइंसक के निदेशक (परिचालन) अमिताभ सिंह की तरफ से बुधवार को जारी ई-मेल में कहा, मुझे बताया गया है कि विमान का क्रू स्टाफ नियमों के विपरीत अपने लिए विशेष भोजन मंगा रहा है, जबकि महज चिकित्सा कारणों से ही कोई क्रू डॉक्टर की सलाह पर अपने लिए विशेष भोजन मंगा सकता है। सिंह ने अपने ई-मेल में लिखा, चालक दल को कंपनी की ओर से तय की गई भोजन सारणी का पालन करना चाहिए।
इस बात को ध्यान में रखते हुए सभी कॉकपिट क्रू को निर्देश दिया जाता है कि वह अपने लिए विशेष भोजन का ऑर्डर नहीं देगा। एयर इंडिया के एक वरिष्ठ अधिकारी ने नाम गोपनीय रखने की शर्त पर इस आदेश को स्पष्ट करते हुए बताया कि पायलटों द्वारा अपने लिए बर्गर, पिज्जा और सूप जैसे विशेष भोजन मंगवाने की बात सामने आई थी। इससे भोजन पर एयरलाइन का खर्च बढ़ रहा था और खाद्य प्रबंधन भी प्रभावित हो रहा था। उधर, एयरइंडिया के प्रवक्ता ने भी पायलटों के विशेष भोजन का ऑर्डर देने पर रोक लगाने की पुष्टि की है।