कोलकाता से दिल्ली के लिए उड़ान भरने के बाद एअर इंडिया का विमान बृहस्पतिवार को वापस कोलकाता लौट आया। 25 मिनट से अधिक समय तक हवा में रहने के बाद मेडिकल इमरजेंसी की वजह से विमान की लैंडिंग करानी पड़ी। एक अधिकारी ने बताया कि वैंकूवर से एआई-186 विमान 162 यात्रियों और चालक दल के साथ अपने निर्धारित तकनीकी ठहराव के लिए कोलकाता में उतरा था। इसके बाद दिल्ली के लिए रवाना हुआ।
पाकिस्तानी हवाई क्षेत्र के बंद होने समेत अन्य भू-राजनीतिक घटनाओं के कारण एअर इंडिया को अपनी कुछ अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का मार्ग बदलना पड़ा और कोलकाता में तकनीकी ठहराव लेना पड़ा है।
एयर इंडिया के एक अधिकारी ने बताया कि 25 मिनट से अधिक समय तक हवा में रहने के बाद एक यात्री के बीमार होने पर विमान को कोलकाता वापस आना पड़ा और एहतियातन लैंडिंग करनी पड़ी। भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) के एक अधिकारी ने बताया कि विमान को शाम 6.20 बजे वापस एनएससीबीआई हवाई अड्डे पर भेजा गया और शाम 7 बजे के बाद यहां उतारा गया। एअर इंडिया के प्रवक्ता के अनुसार विमान फिर रात 8.30 बजे कोलकाता से दिल्ली के लिए रवाना हुआ।