सार
फ्रैंकफर्ट से दिल्ली आ रही एअर इंडिया की इंटरनेशनल फ्लाइट AI-2030 को सुरक्षा अलर्ट के बाद जयपुर डायवर्ट कर दिया गया। विमान की जयपुर एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग हुई। सभी यात्रियों और क्रू सदस्यों को सुरक्षित उतार लिया गया। इसके बाद सीआईएसएफ, पुलिस और बम निरोधक दस्ते ने विमान और सामान की जांच शुरू की। शुरुआती जानकारी में बम की धमकी की बात सामने आई थी, जबकि एक एयरपोर्ट अधिकारी ने हाईजैक की अफवाह की बात कही।
एयर इंडिया फ्लाइट AI-2030 की इमरजेंसी लैंडिंग
- फोटो : @अमर उजाला ग्राफिक्स
फ्रैंकफर्ट से दिल्ली आ रही एअर इंडिया की फ्लाइट AI-2030 को जयपुर डायवर्ट कर दिया गया। विमान में सुरक्षा अलर्ट मिला था। इसके बाद विमान को जयपुर एयरपोर्ट पर उतारा गया। शुरुआती जानकारी में बम की धमकी और हाईजैक की बात सामने आई थी। हालांकि, एयरपोर्ट के एक अधिकारी ने अमर उजाला को बताया कि अभी तक हाईजैक की कोई पुष्टि नहीं हुई है।
विमान को आइसोलेशन बे में ले जाया गया
जयपुर एयरपोर्ट पर उतरने के बाद विमान को अलग जगह पर ले जाया गया। इसे आइसोलेशन बे कहा जाता है। यहां सुरक्षा एजेंसियों ने जांच शुरू की। केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ), स्थानीय पुलिस और बम निरोधक दस्ते ने विमान की तलाशी ली। यात्रियों के सामान की भी जांच की गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, सभी यात्रियों और क्रू सदस्यों को सुरक्षित विमान से उतार लिया गया।
भारतीय हवाई क्षेत्र के पास मिला अलर्ट
बताया जा रहा है कि विमान भारतीय हवाई क्षेत्र के करीब पहुंच रहा था। इसी दौरान सुरक्षा अलर्ट मिला। इसके बाद एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) और सुरक्षा एजेंसियों को इसकी जानकारी दी गई। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विमान को दिल्ली के बजाय जयपुर भेजने का फैसला लिया गया।
बम की धमकी या हाईजैक की अफवाह?
एयरपोर्ट के एक अधिकारी ने नाम नहीं छापने की शर्त पर अमर उजाला को बताया कि मामला बम की धमकी का नहीं, बल्कि हाईजैक की अफवाह का था। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि जांच अभी जारी है। ऐसे में फिलहाल कोई अंतिम निष्कर्ष निकालना जल्दबाजी होगी।
यह भी पढ़ें: रेलवे कर्मचारियों की बल्ले-बल्ले: कैबिनेट की बैठक में बोनस पर लग सकती है मुहर, जानिए किसे-कितना मिलेगा फायदा
खबर लिखे जाने तक एयरपोर्ट प्रशासन और एअर इंडिया की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया था। सुरक्षा अलर्ट कैसे मिला और इसके पीछे की असली वजह क्या थी, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है। सुरक्षा एजेंसियां मामले की जांच कर रही हैं।
पहले भी विमान की करानी पड़ी थी इमरजेंसी लैंडिंग
एअर इंडिया ग्रुप के विमान में इससे पहले ऐसी घटना 31 अगस्त 2026 को हुई थी। तब सऊदी अरब के दम्माम से दिल्ली जा रही एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट IX-170 के टॉयलेट में ‘BOMB’ लिखा टिश्यू पेपर मिला था। इसके बाद पायलट ने विमान को अहमदाबाद की ओर डायवर्ट कर इमरजेंसी लैंडिंग कराई थी। विमान में सवार सभी 32 यात्री सुरक्षित थे। जांच के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली थी।