उन्होंने बताया कि एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान एआईएक्स-2773 को शनिवार रात 9 बजकर 19 मिनट पर मुंबई से उड़ान भरनी थी लेकिन एयरलाइन ने अंतिम समय में यात्रियों को सूचित किया कि उड़ान को संशोधित कर रविवार सुबह 7 बजकर 15 मिनट पर रवाना किया गया है।
एयर इंडिया एक्सप्रेस ने देर शाम एक बयान में कहा कि उसे दिल्ली में आज (शनिवार) शाम खराब मौसम के कारण अपनी उड़ान के समय में संशोधन करने के लिए मजबूर होना पड़ा। एयरलाइन ने एक बयान में कहा,'आज शाम दिल्ली में खराब मौसम के कारण गुवाहाटी-दिल्ली उड़ान सहित कई उड़ानों का मार्ग परिवर्तित किया गया। दिल्ली और मुंबई (लखनऊ उड़ान सहित) से आने वाली उड़ानों के समय में भी बदलाव किया गया है।'
एयरलाइन ने कहा, 'हम अपने नियंत्रण से बाहर की परिस्थितियों के कारण अपने मेहमानों को हुई असुविधा के लिए माफी मांगते हैं।'एयर इंडिया एक्सप्रेस ने कहा कि इस बीच वैकल्पिक सुविधाओं का आयोजन किया जा रहा है, जबकि प्रभावित मेहमानों को जलपान, आवास और परिवहन प्रदान किया जा रहा है।
सूत्र के अनुसार, यात्रियों को एक संदेश मिला जिसमें लिखा था- आपको यह सूचित करते हुए खेद है कि 16 सितंबर 2023 आईएक्स-2773 बीओएम-एलकेओ को उड़ान का प्रस्थान परिचालन कारणों से 17 सितंबर 2023 07:15 तक संशोधित किया गया है। सूत्र ने बताया कि इसके बाद यात्रियों ने एयरलाइन के खिलाफ प्रदर्शन किया और नारेबाजी की।
लखनऊ से अबूधाबी जा रहे विमान की दिल्ली में आपात लैंडिंग
इंडिगो एयरलाइंस के एक विमान में तकनीकी खामी का समय से पता चल जाने से बड़ा हादसा टल गया। एयरलाइंस का विमान लखनऊ से अबूधाबी (उड़ान संख्या 6ई93) जा रहा था। उड़ान भरने के बाद पायलट को विमान के हाइड्रॉलिक प्रणाली में खराबी की जानकारी मिली। तब तक विमान लखनऊ से आगे बढ़ चुका था।
पायलट ने तुरंत दिल्ली हवाईअड्डे के नियंत्रण कक्ष से संपर्क किया। इसके बाद विमान को शनिवार रात 11.42 बजे आपात स्थिति में दिल्ली हवाईअड्डे पर उतारा गया। विमान की लैंडिंग के बाद 155 यात्रियों के साथ ही हवाईअड्डा प्रशासन ने भी राहत की सांस ली।