West Bengal Assembly Election 2026: पश्चिम बंगाल में अगले महीने विधानसभा चुनाव होने वाले हैं, इससे पहले तमाम दलों की तरफ से अपनी तैयारियां पुख्ता की जा रही है। इस कड़ी में असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी एआईआईएमआईएम ने हुमायूं कबीर की पार्टी के साथ गठबंधन का एलान किया है।
पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव 2026 को लेकर राजनीति तेज हो गई है। हैदराबाद से सांसद और एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने बड़ा एलान करते हुए कहा है कि उनकी पार्टी ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन इस बार चुनाव हुमायूं कबीर की पार्टी के साथ मिलकर लड़ेगी। असदुद्दीन ओवैसी ने बताया कि 25 मार्च को कोलकाता में वह हुमायूं कबीर के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे, जहां इस गठबंधन की पूरी रणनीति सामने रखी जाएगी।
182 सीटों पर उम्मीदवार उतारेगी एजेयूपी
हुमायूं कबीर की पार्टी आम जनता उन्नयन पार्टी (एजेयूपी) ने पहले ही घोषणा कर दी है कि वह 2026 के चुनाव में 182 सीटों पर उम्मीदवार उतारेगी। इस गठबंधन में एआईएमआईएम को करीब 8 सीटें मिल सकती हैं। हुमायूं कबीर ने कुछ उम्मीदवारों के नाम भी घोषित किए हैं। उन्होंने बताया कि रानीनगर, भगवांगोला और मुर्शिदाबाद जैसी सीटों पर उनके उम्मीदवार चुनाव लड़ेंगे।
विज्ञापन
भाजपा और टीएमसी के बीच मुख्य मुकाबला
राज्य में मुख्य मुकाबला सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बीच माना जा रहा है। टीएमसी की नेता ममता बनर्जी 2011 से लगातार सत्ता में हैं। ऐसे में एआईएमआईएम और एजेयूपी का यह नया गठबंधन चुनाव में नया समीकरण बना सकता है, खासकर कुछ इलाकों में जहां इनका प्रभाव है।
पश्चिम बंगाल में दो चरणों में होंगे चुनाव
पश्चिम बंगाल में कुल 294 विधानसभा सीटें हैं। राज्य में विधानसभा चुनाव दो चरणों में होंगे, पहले चरण के लिए 23 अप्रैल को वोटिंग और दूसरे चरण के लिए 29 अप्रैल को मतदान होगा। जबकि वोटों की गिनती 4 मई को की जाएगी।