तमिलनाडु में सत्ताधारी अन्नाद्रमुक ने पूर्व सीएम जयललिता की करीबी और पार्टी से निष्कासित नेता शशिकला के खिलाफ पुलिस ने शिकायत दर्ज कराई है। अन्नाद्रमुक ने शिकायत में आरोप लगाया है कि शशिकला के समर्थक राज्य में हिंसा भड़काने की साजिश रच रहे हैं।
शशिकला हाल ही में भ्रष्टाचार मामले में सजा काटकर जेल से रिहा हुई हैं। वहीं, अम्मा मक्कल मनेत्र कषगम के प्रमुख व शशिकला के भतीजे दिनाकरन ने इन आरोपों को बेतुका करार दिया है। वहीं, पुलिस ने किसी भी तरह की गैरकानूनी गतिविधि को लेकर चेतावनी दी है।
इस बीच, मुख्यमंत्री के पलानीस्वामी व उपमुख्यमंत्री ओ पनीरसेल्वम की अध्यक्षता में अन्नाद्रमुक की बैठक हुई है। पार्टी प्रवक्ता एवं पूर्वमंत्री वैगईचेलवन ने बताया, बैठक में शशिकला पर कोई चर्चा नहीं हुई। अगर पार्टी का कोई भी सदस्य उनसे (शशिकला से) मिलता है, तो उसे बर्खास्त कर दिया जाएगा।
विधिमंत्री सीवी षणमुगम ने कहा कि पुलिस में शिकायत दर्ज करा शशिकला एवं दिनाकरन द्वारा कथित हिंसा फैलाने की साजिश को रोकने तथा तमिलनाडु के लोगों व संपत्ति की सुरक्षा की मांग की गई है। मंत्रिमंडल में उनके सहयोगी ई. मधुसूदन ने आरोप लगाया है कि अन्नाद्रमुक के नाम व झंडे का इस्तेमाल कर हिंसा करने की साजिश का खुलासा हुआ है।