एआईएडीएमके का एक प्रतिनिधिमंडल उप-मुख्यमंत्री ओ पनीरसेल्वम के नेतृत्व में डीएमके अध्यक्ष एम करुणानिधि से मिलने के लिए गुरुवार को उनके चेन्नई स्थित आवास पहुंचा। 94 साल के एम करुणानिधि यूरिनरी ट्रैक्ट संक्रमण से पीड़ित हैं। उनका घर में ही इलाज चल रहा है। कावेरी अस्पताल ने बताया कि वह राजनेता की हालत को मॉनिटर कर रहे हैं।
गुरुवार को जारी किए गए बयान में कावेरी अस्पताल के कार्यकारी निदेशक अरविंदन सेल्वाराज ने कहा कि उम्र बढ़ने की वजह से
करुणानिधि की सेहत में मामूली गिरावट आई है। सेल्वाराज ने कहा, 'उनका फिलहाल बुखार और यूरिनरी ट्रैक्ट संक्रमण का इलाज चल रहा है। उन्हें एंटीबायोटिक्स और तरल पदार्थ दिए जा रहे हैं। डॉक्टरों और नर्सों की एक टीम लगातार उनके स्वास्थ्य पर नजर बनाए हुए हैं। वह उन्हें घर में ही अस्पताल जैसी देखभाल मुहैया करवा रहे हैं।'
करुणानिधि का हाल जानने के लिए उनके घर पर समर्थकों के अलावा राज्य के दिग्गज नेताओं का तांता लग गया है। इसी बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने करुणानिधि के बेटे एमके स्टालिन और उनकी बेटी कनिमोझी से फोन पर उनका हाल-चाल पूछा और उनसे किसी भी चीज की जरुरत होने पर मदद देने को कहा। मैं उनके अच्छे स्वास्थ्य और जल्द ठीक होने की कामना करता हूं।
करुणानिधि को देखने के बाद पनीरसेल्वम और उनके कैबिनेट सहयोगी डी जयकुमार ने कहा करुणानिधि अब ठीक हैं। जयकुमार ने कहा, 'करुणानिधि जल्द ही ठीक होकर लौट आएंगे।' जयकुमार ने कहा कि यह सत्तासीन पार्टी की राजनीतिक सभ्यता है कि वह करुणानिधि के घर जाकर उनसे मुलाकात करे। उन्होंने बताया कि डीएमके का एक प्रतिनिधिमंडल अपोलो अस्पताल आया था जहां पूर्व मुख्यमंत्री जे जयललिता का साल 2016 में इलाज चल रहा था।
एआईएडीएमके प्रतिनिधिमंडल जिसमें मंत्री एसपी वेलुमनी और पी थंगामनी शामिल थे उन्होंने करुणानिधि के बेटे और डीएमके के कार्यकारी अध्यक्ष एमके स्टालिन से बातचीत की। हाल ही में करुणानिधि को कावेरी अस्पताल में भर्ती कराया गया था।