अहमदाबाद में हुए दर्दनाक एयर इंडिया हादसे ने पूरे देश को झकझोर दिया। इस हादसे में 265 लोगों की जान चली गई, सिर्फ एक व्यक्ति जीवित बचा। विमान में 169 भारतीयों के अलावा 53 ब्रिटिश, 7 पुर्तगाली और 1 कनाडाई नागरिक सवार थे। इसी बीच विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कहा कि वो लगातार ब्रिटेन, कनाडा और पुर्तगाल के विदेश मंत्रियों से बात कर गहरी संवेदना जताई और हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।
अहमदाबाद में गुरुवार को हुए एयर इंडिया विमान हादसे के चलते पूरे देश में शोक का माहौल है। इसी बीच विदेश मंत्री एस जयशंकर ने शुक्रवार को जानकारी दी कि वे ब्रिटेन के विदेश मंत्री डेविड लैमी, पुर्तगाल के विदेश मंत्री पाउलो रंगेल और कनाडा की विदेश मंत्री अनिता आनंद के संपर्क में हैं। जयशंकर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट में लिखा कि अहमदाबाद विमान हादसे को लेकर ब्रिटेन, पुर्तगाल और कनाडा के विदेश मंत्रियों से बातचीत की। हमने अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं और साथ ही हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया है।
दुनियाभर से आ रहीं हैं संवेदनाएं
जयशंकर ने सभी देश के नेताओं का जताया आभार
इस हादसे को लेकर रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी, यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लायन, यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की और मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज़ू सहित कई देशों के नेताओं ने भारत के प्रति संवेदना व्यक्त की है और हर संभव सहायता देने की बात कही है। विदेश मंत्री जयशंकर ने सभी देशों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस दुख की घड़ी में मिले समर्थन और संवेदनाओं के लिए हम सभी विदेशी नेताओं और सरकारों के आभारी हैं।