गुजरात में अहमदाबाद की एक अदालत ने भाजपा अध्यक्ष अमित शाह को ‘हत्यारोपी’ कहने के मामले में राहुल गांधी को समन जारी किया है। वहीं चुनाव आयोग ने राहुल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर टिप्पणी को लेकर नोटिस जारी किया है।
गुजरात में अहमदाबाद की एक अदालत ने भाजपा अध्यक्ष अमित शाह को ‘हत्यारोपी’ कहने के मामले में भाजपा कार्यकर्ता की ओर से दायर आपराधिक मानहानि के मुकदमे में कांग्रेस प्रमुख राहुल गांधी को बुधवार को समन जारी किया।
चुनाव आयोग ने बुधवार को राहुल गांधी को उनकी उस कथित टिप्पणी के लिए कारण बताओ नोटिस जारी किया, जिसमें उन्होंने कहा था कि नरेंद्र मोदी सरकार ने एक नया कानून बनाया है जिसके तहत आदिवासियों को गोली मारी जा सकती है।
चुनाव आयोग ने 23 अप्रैल को मध्यप्रदेश के शहडोल में दिए गए गांधी भाषण का हवाला देते हुए कहा कि आदर्श आचार संहिता के प्रावधान राजनीतिक विरोधियों पर ‘असत्यापित’ आरोप लगाने पर रोक लगाते हैं। आयोग ने गांधी को नोटिस का जवाब देने के लिए 48 घंटे का वक्त दिया है। इस अवधि में जवाब नहीं देने की सूरत में आयोग अपनी तरफ से कार्रवाई के लिए स्वतंत्र होगा।