महाराष्ट्र में तेजी से बदलते सियासी घटनाक्रम के बीच कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अहमद पटेल का एक वीडियो सामने आया है। महाराष्ट्र कांग्रेस के नवनिर्वाचित विधायकों के साथ मुंबई में बैठक के दौरान उन्होंने 30 नवंबर को संभावित बहुमत परीक्षण के लिए पार्टी व्हिप को जारी करते हुए पीएम मोदी और गृहमंत्री अमित शाह पर निशाना साधा।
उन्होंने कहा कि जैसा कि आप सब लोग जानते हैं, हम सब बहुत मेहनत कर यहां तक आए हैं। 30 तारीख को एक बार फिर से हमारा विजय होगा। यह जरूर है, यह निश्चित है। सवाल इतना है कि हम सबको एक रहना है। हमारा मनोबल मजबूत रखना है और कहीं पर भी कमजोरी नहीं दिखानी है। मुझे कहीं भी कमजोरी नहीं दिख रही है।
अहमद पटेल ने बैठक के दौरान कहा कि वैसे हालात में हमें एक रहकर, इकठ्ठे रहकर....क्योंकि हमें यह चैलेंज भारतीय जनता पार्टी ने दी गई है। उनकी तरफ से से हमें चैलेंज है। न केवल मुख्यमंत्री की तरफ से है, राज्यपाल और सेंट्रल गवर्मेंट की तरफ से खास तौर पर मोदी और अमित शाह की तरफ से चैलेंज है।
उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि उनको शिकस्त देना बहुत ही जरूरी है। इसमें पराजित करना बहुत ही जरूरी है। तो ऐसे हालात में हम सब इकठ्ठे रहें, एकत्रित रहें, मनोबल मजबूत रहे। बता दें कि इस बैठक के दौरान कांग्रेस ने बहुमत परीक्षण को लेकर पार्टी व्हिप भी जारी किया।