सीबीआई ने 3,600 करोड़ रुपये के अगस्ता वेस्टलैंड हेलिकॉप्टर कथित खरीद घोटाले में सीबीआई ने पूर्व रक्षा सचिव और बाद में नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक रहे शशिकांत शर्मा पर कार्रवाई करने के लिए इजाजत मांगी है। अधिकारियों ने बताया कि केंद्रीय एजेंसी हेलिकॉप्टर सौदे में कथित बिचौलिया क्रिश्चियन मिशेल की भूमिका को लेकर एक पूरक आरोपपत्र दाखिल करेगी। संयुक्त अरब अमीरात से प्रत्यर्पित कर भारत लाए गए मिशेल अभी न्यायिक हिरासत में है।
मंजूरी की अर्जी मार्च से रक्षा मंत्रालय के पास लंबित, और अधिकारी आ सकते हैं लपेटे में
पूरक आरोपपत्र में सीबीआई हेलिकॉप्टर सौदे के दौरान प्रमुख पदों पर रहे कुछ पूर्व नौकरशाहों की कथित भूमिका को भी शामिल करेगी। जांच के दौरान अधिकारियों की कथित भूमिका सामने आने के बाद सीबीआई ने रक्षा मंत्रालय से शर्मा और तत्कालीन एयर वाइस मार्शल जसबीर सिंह पनेसर सहित अन्य अधिकारियों पर कार्रवाई करने की अनुमति मांगी है। र्श्मा सीएजी बनने से पहले 2011 से 13 के बीच रक्षा सचिव थे।
सीबीआई ने जिन अन्य अधिकारियों पर मुकदमा चलाने की अनुमति मांगी है, उनमें वायुसेना के तीन पूर्व अधिकारी डिप्टी चीफ टेस्ट पायलट एसए कुंटे, विंग कमांडर थॉमस मैथ्यू और ग्रुप कैप्टन एन संतोष। कुंटे और संतोष एयर कॉमोडोर के पद से सेवानिवृत्त हुए हैं। उन्होंने बताया कि मंजूरी का आवेदन मार्च से रक्षा मंत्रालय के पास लंबित है।