अगस्ता वेस्टलैंड हेलीकाप्टर सौदे में रिश्वतखोरी और घोटाले के आरोपी क्रिश्चियन मिशेल को भारत लाना आसान नहीं है। विदेश मंत्रालय सूत्रों को उसका प्रत्यर्पण हो पाने का अभी कोई भरोसा नहीं हो रहा है। वरिष्ठ सूत्र का कहना है कि क्रिश्चियन मिशेल ब्रिटिश नागरिक है। यह बड़ा तकनीकी पेंच है। सूत्र का कहना है कि यह एक नीतिगत और तकनीकी पेंच है कि क्या दुबई की अदालत ब्रिटिश नागरिक मिशेल को किसी तीसरे देश को प्रत्यर्पित करने का आदेश दे सकती है?
बताते हैं यह हो पाना काफी मुश्किल है। हालांकि बताते हैं कि मिशेल के प्रत्यर्पण के लिए भारतीय एजेंसियां और अधिकारी हर संभव प्रयास कर रहे हैं। अदालती प्रक्रिया में भी कोई कोताही नहीं बरती जा रही है, लेकिन ब्रिटिश नागरिक होने के कारण मिशेल को अभी भारत ला पाना आसान नहीं है।
कौन हैं क्रिश्चियन मिशेल
क्रिश्चियन मिशेल अगस्ता वेस्टलैड हेलीकाप्टर सौदे में रिश्वतखोरी का षडयंत्र रचने के आरोपी हैं। देश की जांच एजेंसी सीबीआई को इस मामले की जांच के क्रम में क्रिश्चियन मिशेल की तलाश है। मिशेल को भारत लाने के लिए भारतीय अधिकारियों ने दुबई की अदालत में याचिका दायर की है। मिशेल इस समय दुबई में है और वहां मामले की सुनवाई चल रही है।
सुनवाई के दौरान दुबई की अदालत ने अपनी एक टिप्पणी में कहा था कि मिशेल के प्रत्यर्पण की संभावनाएं है। इस टिप्पणी को भारतीय मीडिया ने हाथों हाथ ले लिया था। इस बारे में सरकार के सूत्रों का कहना है कि मिशेल के प्रत्यर्पण को लेकर अदालत ने कोई अंतिम निर्णय नहीं दिया है। अभी सुनवाई चल रही है और ब्रिटिश नागरिक होने के नाते दुबई की अदालत द्वारा मिशेल के प्रत्यर्पण का आदेश देना तथा प्रत्यर्पण हो पाने की संभावना न के बराबर है।