गिरफ्तार 11 ईरानियों की ड्रग्स तस्करी की जांच में जुटी एनआईए
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) और नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) ने चेन्नई तट से 11 ईरानियों को पकड़े जाने के बाद नशीली दवाओं की तस्करी की जांच शुरू कर दी है। ये गिरफ्तारियां शनिवार को की गईं थी। इनसे नाव भी जब्त की थी। हालांकि नाव में कुछ नहीं मिला, लेकिन आशंका है कि तटरक्षकाें को देखकर इन्होंने ड्रग्स को समुद्र में फेंक दिया होगा। एनआईए ने ड्रग्स के स्रोत, भारत में प्रवेश बिंदु और क्या कोई संगठन ड्रग्स की तस्करी में शामिल था, इस पर भी जांच शुरू कर दी है।
असम: कोकराझार के जंगलों से हथियारों का जखीरा बरामद
असम के कोकराझार में पुलिस ने भारी मात्रा में स्वचालित हथियार एवं गोला-बारूद बरामद किया है। बरामद हथियारों में चार एके-47 राइफल मैग्जीन के साथ, एक एम-16 राइफल, एक स्नाइपर राइफल, एक सेरीली राइफल, एके सीरीज की रायफल के 130 राउंड कारतूस शामिल हैं।
शशिकला की महासचिव बनने की मांग वाली याचिका खारिज
चेन्नई की एक अदालत ने अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (एआईएडीएमके) के महासचिव बनने के अधिकार की मांग वाली वीके शशिकला की याचिका को खारिज कर दिया है। उन्होंने पार्टी के फैसले का विरोध करते हुए कोर्ट में याचिका दायर की थी। दरअसल, जयललिता की मौत के बाद दिसंबर, 2016 में शशिकला अन्नाद्रमुक की अंतरिम महासचिव बनी थीं। लेकिन 15 फरवरी, 2017 में आय से अधिक संपत्ति मामले में दोषी करार होने के बाद उन्हें चार साल की जेल हो गई।
बिहार : 60 फुट लंबे पुल चोरी में एसडीओ समेत आठ गिरफ्तार
बिहार पुलिस ने रविवार को रोहतास जिले में 60 फुट लंबे पुल चोरी मामले में जल संसाधन विभाग के एक उप प्रभागीय अधिकारी (एसडीओ) सहित आठ लोगों को गिरफ्तार किया है। रोहतास के पुलिस अधीक्षक आशीष भारती ने कहा, इस मामले में जल संसाधन विभाग के एसडीओ समेत आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया। एसडीओ की मिलीभगत से चोरों ने पुल को चुराया। आरोपी के कब्जे से एक जेसीबी मशीन, करीब 247 किलोग्राम लोहा और अन्य सामग्री बरामद की गई है।