अगस्ता वेस्टलैंड घोटाले मामले में जांच कर रहे सीबीआई और प्रवर्तन निदेशालय के अधिकारी 'हड्डी वाले कुत्ते' को तलाश में जुटे हैं। हड्डी पाने वाले कुत्ते के बारे में अधिकारियों को बिचौलिये क्रिश्चियन मिशेल और उनके साथी गाइडो हैश्के की बातचीत के दौरान पता चला। अब जांच एजेंसी अगस्टा वेस्टलैंड के वरिष्ठ अधिकारी लियोनार्डो, मिशेल, हैश्के और कार्लो गेरोसा के बीच 8 फरवरी 2008 को हुई बातचीत को डिकोड करने में जुटी है।
ऑडियो और नोट में कई अधिकारियों की है जानकारी
बता दें कि अधिकारियों के हाथ एक ऑडियो लगा है जिसमें ये सभी वीवीआईपी हेलिकॉप्टर डील में सीवीसी, डिफेंस सेक्रटरी, संयुक्त सचिव (एयर), एयरफोर्स के मेंटेनेंस कमांड सहित हेलिकॉप्टरों के लिए उड़ान मूल्यांकन टीम को बोर्ड पर लाने को लेकर बात कर रहे हैं।
इसी दौरान जांच एजेंसी को एक नोट भी मिला है जिसे कथित तौर पर मिशेल ने लिखा है। इस नोट की शुरुआत एक लंच पार्टी के आयोजन से होती है जिसमें इस डील को फाइनल करने की बात कही गई है।