बिहार विधानसभा चुनाव में मिली अभूतपूर्व सफलता से गदगद मुंबई महानगर क्षेत्र में भाजपा इस बार छठ पूजा के बहाने शक्ति प्रदर्शन की तैयारी में है। लेकिन, कोरोना महामारी के चलते असमंजस की स्थिति बनी हुई है। इसलिए मुंबई में भाजपा के आधा दर्जन नेताओं समेत पार्टी के विधायक सक्रिय हो गए हैं। भाजपा नेताओं ने राज्यपाल से लेकर मुख्यमंत्री और बीएमसी आयुक्त तक से छठ पूजा की अनुमति देने की गुहार लगाई है।
महाराष्ट्र में कोरोना संकट की वजह से मंदिर के कपाट बंद हैं। भाजपा, वंचित विकास आघाड़ी सहित संतों और महंतों की मांग के बावजूद राज्य की ठाकरे सरकार मंदिर खोलने के लिए अभी तक तैयार नहीं हुई है। इस बीच, आगामी 20 नवंबर को सूर्य की उपासना का छठ महापर्व है। मुंबई में उदयाचल और अस्ताचल सूर्य को अर्घ्य देने के लिए अरब सागर के किनारे श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जमा होती है।
भाजपा के नेता चाहते हैं कि पहले की तरह इस बार भी छठ पूजा की अनुमति मिले। लेकिन, सरकार में इसे लेकर कोई हलचल नहीं है। गुरुवार को उत्तर भारतीय मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष संजय पांडेय, विधायक मिहिर कोटेचा, मुंबई भाजपा उपाध्यक्ष अमरजीत मिश्र, बीएमसी में भाजपा दल के नेता विनोद मिश्र, मुंबई भाजपा प्रवक्ता भालचंद्र शिरसाट बीएमसी के अतिरिक्त आयुक्त सुरेश काकणी से मिले और उन्हें ज्ञापन सौंपा।
भाजपा नेताओं ने मांग की कि छठ पूजा के लिए शीघ्र दिशा-निर्देश जारी किए जाएं। विनोद मिश्र ने बताया कि अतिरिक्त आयुक्त ने आश्वस्त किया है कि दो दिन में दिशा-निर्देश जारी कर दिए जाएंगे। भाजपा युवा मोर्चा राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य शुभ्रांशु दीक्षित ने छठ पूजा की अनुमति के लिए राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी को पत्र लिख कर मांग की कि बीएमसी आयुक्त को छठ पूजा पर प्रोटोकॉल तैयार करने का निर्देश दें।
उदार मन से छठ पूजा की अनुमति दे ठाकरे सरकार: भातखलकर
छठ पूजा को लेकर विधायक अतुल भातखलकर ने भी मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को पत्र लिखा है। उन्होंने मांग की है कि समुद्र के किनारे, तालाबों पर मनाए जाने वाले छठ महापर्व की अनुमति दी जाए। भातखलकर ने कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव में शिवसेना की जमानत जब्त हो गई है। मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे इसे दिल पर न लेते हुए उदार मन से छठ पूजा की अनुमति दें।