दिल्ली-एनसीआर में पिछले दिनों आई तेज आंधी और हल्की बारिश के बाद अब लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली में अगले सप्ताह 44 डिग्री सेल्सियस तक पारा पहुंचने की संभावना है। इससे पहले शनिवार को अधिकतम तापमान 41.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
शनिवार को कुछ इलाकों में चलीं धूल भरी तेज हवाएं
शनिवार को दोपहर बाद करीब 4 बजे कुछ इलाकों में धूल भरी तेज हवाएं चलीं। मौसम विभाग द्वारा जारी की गई चेतावनी के अनुसार, 20 मई को आसमान साफ रहेगा लेकिन तापमान बढ़कर 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
वहीं 21 मई को भी तापमान 43 डिग्री के करीब रहने के आसार हैं। जबकि 22 मई को तापमान बढ़कर 44 डिग्री रह सकता है। विभाग की मानें तो 22 से 25 मई तक तापमान के एक जैसा बने रहने की संभावना है। इस दौरान रात का तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के करीब बने रहने की संभावना है।