अहमदाबाद में हुए प्लेन क्रैश के पांच दिन बीत चुके हैं। डीएनए मिलान से 162 शवों की पहचान हो गई है और120 शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं। डॉ. जोशी ने बताया कि 120 मृतक में से पांच विमान पर सवार नहीं थे।
अहमदाबाद में हुए प्लेन क्रैश के बाद शवों की पहचान और उन्हें परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया जारी है। दुर्घटना के पांच दिन बाद अब तक डीएनए मिलान करके 270 शवों में से 162 की पहचान कर ली गई है। और 120 शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। शवों की पहचान करने के लिए डीएनए परीक्षण का इस्तेमाल किया जा रहा हैं क्योंकि कई शव पूरी तरह से जल चुके हैं।
120 मृतकों में से पांच विमान पर सवार नहीं थे- डॉ. जोशी
अहमदाबाद सिविल अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राकेश जोशी ने बताया कि "मंगलवार सुबह तक 162 डीएनए नमूनों का मिलान हो चुका है और 120 शवों को उनके परिवारों को सौंप दिया गया है। उन्होंने बताया कि जिन 120 मृतकों के पार्थिव शरीर उनके परिजनों को सौंप दिए गए हैं, वे गुजरात, महाराष्ट्र, बिहार, राजस्थान और दीव के विभिन्न भागों के निवासी थे। डॉ जोशी ने पहले उम्मीद जताई थी कि सभी शवों की डीएनए प्रोफाइलिंग मंगलवार शाम या बुधवार सुबह तक पूरी हो जाएगी।
बता दें कि 12 जून को अहमदाबाद से लंदर जा रहा एअर इंडिया का बोइंग 787-8 विमान उड़ान के तुरंत बाद ही एयरपोर्ट के पास क्रैश हो गया। यह विमान दोपहर करीब 1:39 बजे अहमदाबाद के एक मेडिकल कॉलेज के परिसर में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस त्रासदी में विमान में सवार 241 लोगों और जमीन पर मौजूद 29 लोगों की जान चली गई थी।