तेलंगाना के नए मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ग्रहण करने के कुछ ही मिनटों बाद रेवंत रेड्डी ने अपना एक वादा पूरा किया। सीएम पद की शपथ लेने के बाद ही उन्होंने अपने आधिकारिक आवास के बाहर लगे लोहे के बैरिकेड हटा दिए। दरअसल, चुनावी अभियान के दौरान ही रेवंत रेड्डी ने जनता से कहा था कि राज्य में कांग्रेस की सरकार आते ही वह सीएम आवास के बाहर से बैरिकेड हटा देंगे। उन्होंने कहा कि जनता के लिए सीएम कार्यालय हमेशा खुले रहेंगे। इसके साथ ही उनके आधिकारिक आवास के बाहर लोहे के रॉड हटाने शुरू हो गए।
रेवंत रेड्डी ने ली चंद्रशेखर राव की जगह
गुरुवार को रेवंत रेड्डी ने के. चंद्रशेखर राव की जगह ली। चंद्रशेखर राव 2014 से तेलंगाना के सीएम थे, लेकिन अब रेवंत रेड्डी राज्य के नए मुख्यमंत्री बन चुके हैं। मुख्यमंत्री पद की शपथ लेते ही रेवंत रेड्डी ने समारोह के मंच पर ही दो फाइलों पर हस्ताक्षर किए। इसमें पहली फाइल छह गारंटियों को लागू करने की है जबकि दूसरी फाइल एक दिव्यांग महिला को नौकरी प्रदान करने की है। उन्होंने समारोह स्थल पर महिलाओं से मुलाकात भी की। कांग्रेस ने घोषणापत्र में महिलाओं के लिए हर माह 2,500 रुपये, 500 रुपये में गैस सिलिंडर, बसों में मुफ्त सफर, 200 यूनिट मुफ्त बिजली और दस लाख तक स्वास्थ्य बीमा देने का वादा किया था। सीएम बनते ही रेड्डी ने इन गारंटियों पर हस्ताक्षर कर दिए हैं।
शपथ के बाद रेवंत ने पदभार संभालते हुए कहा, 'अब पूरे राज्य का विकास होगा।' विधायक एन उत्तम कुमार रेड्डी, के वेंकट रेड्डी, सी दामोदर राजनरसिम्हा, डी श्रीधर बाबू, पी श्रीनिवास रेड्डी, पोन्नम प्रभाकर, कोंडा सुरेखा, डी अनुसूया, टी नागेश्वर राव व जे कृष्ण राव मंत्री बने हैं। राज्य में सीएम समेत 18 मंत्री हो सकते हैं। उपमुख्यमंत्री के रूप में मल्लू भट्टी विक्रमार्क और 10 अन्य मंत्रियों ने भी शपथ ली। राज्यपाल तमिलसाई सुंदरराजन ने लालबहादुर शास्त्री स्टेडियम में आयोजित समारोह में करीब एक लाख लोगाें की मौजूदगी में रेवंत रेड्डी और मंत्रियों को शपथ दिलाई।