मुख्यमंत्री पिनरई विजयन को राहुल गांधी द्वारा चिट्ठी लिखे जाने के बाद केरल की सरकार ने स्कूलों की मरम्मत का निर्देश दिया है। वायनाड के सरकारी स्कूल में सांप के काटने से पांचवी की छात्रा की मौत होने की पृष्ठभूमि में केरल सरकार ने सभी पंचायतों को निर्देश दिया है कि वे स्कूलों की मरम्मत के लंबित कार्यों को पूरा करें।
शनिवार को देर रात जारी किए गए इस आदेश में स्थानीय प्रशासन मंत्री ए सी मोईद्दीन ने इस बात का भरोसा दिलाया कि मरम्मत कार्य में आर्थिक मदद में कोई कमी नहीं की आएगी। मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पंचायतें मरम्मत कार्यों में अपने निधि का प्रयोग कर सकती हैं और आवश्यकता पड़ने पर उन्हें इस कार्य के लिए आर्थिक मदद भी दी जाएगी।
उन्होंने बताया कि मंत्री के अनुसार पंचायतें कदम्बश्री और मनरेगा अधिनियम के तहत काम करने वाले मजदूरों से मरम्मत कार्य में मदद ले सकती हैं। मंत्री ने जिन स्कूलों में बाथरूम नहीं हैं वहां बाथरूम बनाने के निर्देश दिए हैं।
वायनाड के सुल्तान बथेरी जिले के सर्वजन उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में कक्षा में सांप काटने से एक 10 वर्षीय बच्ची शेहला सरीन की मौत के बाद लगातार हो रहे विरोध प्रदर्शन के बीच केरल सरकार ने स्कूलों की मरम्मत का यह आदेश दिया है। इस मामले में बच्ची को अस्पताल ले जाने में कथित तौर पर लापरवाही की सूचना मिली थी।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने अपने संसदीय क्षेत्र केरल के वायनाड बच्ची की मौत के बाद केरल के मुख्यमंत्री पिनरई विजयन को पत्र लिखकर बच्ची के परिजनों को उचित मुआवजा दिलाने का निवेदन किया था। राहुल ने स्कूल की जर्जर हालत में भी सुधार की बात उठाई।
उन्होंने अपने पत्र में लिखा था, 'सुल्तान बाथेरी के सबसे पुराने हाई स्कूल, सर्वजन उच्च माध्यमिक स्कूल की जर्जर हालत में तुरंत सुधार की जरूरत है। उचित माहौल के अभाव से छात्रों और अभिभावकों का मनोबल टूटता है।'। गौरतलब है कि 20 नवंबर को 10 वर्षीय बच्ची की कक्षा में सांप के काटने से मौत हो गई थी।