ट्विटर फॉलोअर्स मामले में मोदी ने अमिताभ बच्चन को भी पछाड़ा
सोशल मीडिया साइट ट्विटर पर सर्वाधिक फॉलोअर्स के मामले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बॉलीवुड अभिनेता अमिताभ बच्चन को पीछे छोड़ दिया है। इस सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर गुरुवार तक मोदी के 2.21 करोड़ फालोअर्स बन गए हैं जबकि अमिताभ के अब तक 2.2 फॉलोअर्स हैं। जनवरी में मोदी के ट्विटर फॉलोअर्स की संख्या अभिनेता शाहरुख खान से अधिक हो गई थी। इसके बाद मोदी के सर्वाधिक भारतीय फॉलोअर्स हो गए। खान के एक करोड़ 73 लाख 51 हजार फॉलोअर्स थे जबकि मोदी के एक करोड़ 73 लाख 71 हजार 600 फॉलोअर्स बन गए।
अब ट्विटर पर सबसे ज्यादा फॉलोअर्स के मामले में खान का तीसरा स्थान हो गया है जिनके फिलहाल 2.09 करोड़ फॉलोअर्स हैं। सन 2015 के दौरान हर दो महीने पर दस लाख फॉलोअर्स की वृद्धि के साथ मोदी के फॉलोअर्स की तादाद लगातार बढ़ती जा रही है। पिछले साल 22 सितंबर तक एट नरेंद्र मोदी अकाउंट पर 1.5 करोड़ फॉलोअर्स थे जबकि 20 नवंबर तक इसकी संख्या 1.6 करोड़ हो गई।
सन 2016 में मोदी के ट्विटर फॉलोअर्स की वृद्धि दर धीमी थी जिसमें आठ महीनों के दौरान लगभग 50 लाख फॉलोअर्स की वृद्धि हुई। सन 2009 से ट्विटर पर सक्रिय रहे मोदी फॉलोअर्स के मामले में विश्व में दूसरे सबसे लोकप्रिय राजनेता हैं। इस मामले में पहला स्थान अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा का है। मोदी मेक इन इंडिया, स्वच्छ भारत, मन की बात और सेल्फी विद डॉटर जैसे अकाउंट्स से ट्विटर पर जुड़े हैं।
मोदी ने अब तक 12 हजार से अधिक ट्वीट किए
- फोटो : ani
प्रधानमंत्री मोदी ने अब तक 12 हजार से अधिक ट्वीट किए हैं । वह कुल 1376 लोगों को फॉलो करते हैं। प्रधानमंत्री मोदी अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा, जापान के प्रधानमंत्री शिंजो आबे, राहुल गांधी, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, नीतीश कुमार, शरद पवार, दिग्विजय सिंह आदि को फॉलो करते हैं। हालांकि ट्वीट करने के मामले में अमिताभ बच्चन अभी प्रधानमंत्री से काफी आगे हैं।
अमिताभ बच्चन ने अब तक 52 हजार से अधिक ट्वीट किए हैं। बिग बी भी ट्विटर के जरिये अपने प्रशंसकों के साथ सीधा संवाद करते हैं। इस सूची में बालीवुड के बादशाह शाहरुख खान तीसरे पायदान पर हैं।
शाहरुख के 20, 701,821 फॉलोवर हैं। वहीं बालीवुड के सुल्तान सलमान खान के 18903974 तथा आमिर खान के 18,227,418, अभिनेत्री दीपिका पादूकोण के 15522541 और प्रियंका चोपड़ा के 14669014 फॉलोवर हैं।