राज्य में विलेज सोशल ट्रांसफॉर्मेशन मिशन की शुरुआत
- फोटो : amarujala
महाराष्ट्र में कार्पोरेट्स के सहयोग से एक हजार गांवों का कायाकल्प किया जाएगा। इस काम में उद्योगपति रतन टाटा और आनंद माहिंद्रा से लेकर सदी के महानायक अमिताभ बच्चन भी हाथ बटाएंगे। सरकार और कार्पोरेट के गठजोड़ में ग्रामीण क्षेत्रों के विकास के लिए 'अभिनव विलेज सोशल ट्रांसफॉर्मेशन मिशन’ शुरू किया जाएगा जिसके तहत सरकार, उद्योगपति, कार्पोरेट और स्वयंसेवी संगठन आपस में मिलकर एक हजार गांवों का ट्रांसफॉर्मेशन करेंगे।
बृहस्पतिवार को मंत्रालय में इसकी घोषणा करते हुए मुख्यमंत्री फड़णवीस ने कहा कि सरकार की योजना का कई घटक लाभ नहीं उठा पाते, निजी कंपनियां इस खाई को भरने में सहयोग करेंगी। उन्होंने कहा कि सूबे में कई कंपनियां सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) के तहत पहले से ही काम कर रही हैं। इसमें उनकी विशेषज्ञता का लाभ लिया जाएगा।
इस मिशन को लेकर मुख्यमंत्री फडणवीस की अध्यक्षता में हुई बैठक में उद्योगपति रतन टाटा, आनंद माहेंद्रा और महानायक अमिताभ बच्चन, बिरला ग्रुप के राजश्री बिरला, हिंदुस्तान लीवर के संजीव मेहता, जेएसडब्ल्यू के सज्जन जिंदल, भारतीय स्टेट बैंक प्रमुख अरुंधति भट्टाचार्य, वीडियोकॉन के प्रमुख राजकुमार धूत, डॉ. अनिल काकोडकर, डॉ. विजय भटकर सहित कई अन्य लोग उपस्थित थे। लेकिन, फडणवीस की प्रेस वार्ता में रतन टाटा, आनंद माहिंद्रा और अमिताभ बच्चन ही मौजूद रहे। फडणवीस ने बताया कि कार्पोरेट कंपनियों के सहयोग से पहले चरण में राज्य के एक हजार गांवों का काया पलट किया जाएगा। गांवों के विकास में ग्राम सभाओं से सहयोग लिया जाएगा तथा निश्चित कालावधि में शाश्वत विकास के लिए गांवों में जल संरक्षण, स्वास्थ्य, शिक्षा और कौशल विकास के कार्यक्रम चलाएं जाएंगे।