लंदन ओलंपिक की कांस्य पदक विजेता साइना नेहवाल ने केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के उन 12 जवानों के परिवारों की मदद करेंगी जो पिछले हफ्ते छत्तीसगढ़ में हुई मुठभेड़ में मारे गए थे।
शुक्रवार को 27वां जन्मदिन मनाने वालीं साइना ने हर जवान के परिजनों को 50-50 हजार रुपये देने का फैसला किया है। साइना ने कहा कि पिछले हफ्ते जो कुछ हुआ, उससे उन्हें काफी दुख हुआ और यह उन परिवारों के लिए छोटा सा योगदान है जो इतने दुख से गुजर रहे हैं।
साइना ने बंगलूरू में कहा, मेरा दिल उन जवानों के लिए दुखी है जो हमें सुरक्षित रखने के लिए अपनी जिंदगी दांव पर लगा देते हैं। मैं उन जवानों को वापस नहीं ला सकती जिन्होंने छत्तीसगढ़ में अपनी जान गंवा दी लेकिन मैं छोटी सी राशि के रूप में उन परिवारों को यह राशि दान में देना चाहती हूं।
बता दें कि इसके पहले बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार ने भी सुकमा मुठभेड़ में मारे गए जवानों के परिवारों के लिए बृहस्पतिवार को 1.08 करोड़ रुपये दान में दिए थे।