भारतीय मूल की नीला विखे पाटिल को स्वीडन के प्रधानमंत्री कार्यालय में राजनीतिक सलाहकार नियुक्त किया गया है। 32 वर्षीय नीला विखे महाराष्ट्र के जाने-माने शिक्षाविद अशोक विखे पाटिल की बेटी हैं। उनकी इस उपलब्धि पर परिवार में गर्व का माहौल है।
नीला विखे पाटिल सोशल डेमोक्रेट नेता स्टीफन लोफवेन के साथ काम करेंगी, जिन्हें पिछले महीने स्वीडन का प्रधानमंत्री चुना गया था। नीला के पिता ने मीडिया को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नीला को स्टॉकहोम नगर निगम की नगर परिषद में भी चुना गया है। नीला सालों से स्वीडन में ही रह रही हैं।
नीला विखा पाटिल मेड्रिड के गोथनबर्ग स्कूल ऑफ बिजनेस से अर्थशास्त्र में स्नातक किया है, जबकि एमबीए की पढ़ाई भी उन्होंने इसी कॉलेज की है। नीला के पिता ने बताया कि स्वीडन का आकर्षण भारत की तरफ रहा है।
उन्होंने कहा कि स्वीडन के प्रधानमंत्री पीएम मोदी के मेक इन इंडिया कार्यक्रम के समर्थक रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारत भी स्वीडन के लिए तेजी से उभरता हुआ बाजार है।