प्रशासन ने राजकोट में लगाई 17 फीट ऊंची कुर्सी
- फोटो : Social Media
इन दिनों गुजरात के राजकोट शहर के सौंदर्यीकरण का कार्य चल रहा है। इसी सिलसिले में शहरी प्रशासन ने पुनीत नगर चौराहे पर 750 किलो की एक कुर्सी लगाई है। इस कुर्सी की ऊंचाई 17.5 फीट है। इस कुर्सी की खासियत यह है कि इसे मेटल और फाइबर से मिलाकर बनाया गया है। मतलब कि जंग का इसपर कोई असर नहीं होगा।
यह अनोखी कुर्सी जल्दी खराब भी नहीं होगी। लोगों ने बताया कि जब उन्होंने पहली बार इस कुर्सी को देखा था तो उन्हें लगा कि इसे किसी आर्ट गैलरी के लिए रखा गया है। हालांकि बाद में उन्हें पता चला कि प्रशासन ने इसे शहर को सुंदर बनाने के लिए लगाया है।
स्टेज से 8 लाख रुपये का सामान चोरी
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर के एक होटल में शादी की खुशियों में उस समय भंग पड़ गया जब स्टेज से 8 लाख रुपये का सामान चोरी हो गया। यह घटना उस समय घटी जब दूल्हा-दुल्हन वरमाला पहना रहे थे। पुलिस ने बताया कि यह घटना गुरुवार रात की है। यहां के होटल में उस समय छाबड़ा परिवार के बेटे की शादी हो रही थी।
वरमाला के समय जो बैग चोरी हुआ उसमें जेवरात सहित 50 हजार रुपये के लिफाफे रखे हुए थे। पुलिस का कहना है कि स्टेज के पास सीसीटीवी कैमरा नहीं लगा हुआ था। इसी वजह से आरोपी की यह हरकत कैमरे में कैद नहीं हो पाई। केवल इतना ही नहीं आरोपी वीडियो रिकॉर्डिंग में भी नहीं आया। पीड़ित परिवार की शिकायत पर पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।