जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में मंगलवार को आंतकियों द्वारा मारे गए पांच मजदूरों के परिवारों से कांग्रेस के ससंदीय दल के नेता अधीर रंजन चौधरी ने मुलाकात की। जिसके बाद उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक खुला खत लिखा। जिसमें उन्होंने कश्मीर में सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल भेजने की मांग की।
चौधरी ने पीएम मोदी को लिखी गई अपनी चिट्ठी में कहा है कि कश्मीर के कुलगाम में मंगलवार को पश्चिम बंगाल के पांच मजदूरों की हत्या कर दी गई। मैं आपसे कहना चाहता हूं कि कश्मीर में एक सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल भेजा जाए जो वहां हालात का जायजा ले और इसके साथ ही वह वहां कि स्थिति को सुधारने में अपनी राय भी दे। इसके साथ ही चौधरी ने पीएम से यह भी मांग की मृतकों के परिवारों को आर्थिक राहत दी जाए।
गौरतलब है कि मंगलवार को जम्मू- कश्मीर के कुलगाम में आतंकियों ने 5 मजदूरों की हत्या कर दी। इन पांच मजदूरों के नाम कमालुद्दीन, मुरसालिम, रोफिक, नोमुद्दीन और रफीकुल थे। आतंकियों द्वारा मंगलवार को जम्मू में हमला किया गया था। जिसमें इन पांचों मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई थी। वहीं इसी हमले में एक मजदूर गंभीर रूप घायल हो गया था, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है।