नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) के मुद्दे को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच जुबानी जंग जारी है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और लोकसभा में नेता सदन अधीर रंजन चौधरी ने सोमवार को एक बार फिर पीएम मोदी पर निशाना साधा है। अधीर रंजन ने कहा कि मोदी जी तीन तलाक नियम के समय मुस्लिम बहनों के लिए आंसू बहा रहे थे। अगर वे ईमानदार हैं तो उन्हें अब शाहीन बाग जाना चाहिए, जहां वे माताएं और बहनें पिछले कुछ हफ्तों से आंदोलन कर रही हैं।
वहीं, संसद के आगामी सत्र में पार्टी की रणनीति पर अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि हम नागरिकता संशोधन अधिनियम के खिलाफ लड़ेंगे, हम संविधान और अर्थव्यवस्था के लिए लड़ेंगे। हम इन सभी मुद्दों को संसद में उठाएंगे।
बता दें कि इससे पहले भी उन्होंने पीएम मोदी और गृहमंत्री अमित शाह को लेकर टिपण्णी की थी। कुछ दिन पहले उन्होंने पश्चिम बंगाल के बशीरहाट में कांग्रेस की एक जनसभा में कहा था कि हां मैं पाकिस्तानी हूं। तुम लोगों (मोदी-शाह) को जो करना है कर लो।