कांग्रेस पार्टी के लोकसभा में नेता अधीर रंजन चौधरी संसद की ताकतवर मानी जाने वाली लोकलेखा समिति (पीएसी) के अध्यक्ष हो सकते हैं। यूपीए चेयरपर्सन सोनिया गांधी ने विपक्ष के नेताओं के साथ विचार विमर्श और उनकी सहमति के बाद अधीर रंजन चौधरी के नाम को पीएसी का अध्यक्ष बनाए जाने के लिए आगे कर दिया है। परंपरा के तौर पर यह पद विपक्षी दल के पास रहता है।
पीएसी चेयरमैन का नाम लोकसभा अध्यक्ष तय करते हैं। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला इस पद के लिए विपक्ष की तरफ से आए नाम पर संसदीय कार्यमंत्री के साथ विचार करके निर्णय लेंगे। यूपीए चेयरपर्सन ने अधीर रंजन चौधरी का नाम लोकसभा अध्यक्ष के पास भेजा है। माना जा रहा है कि परंपरा के अनुसार अधीर रंजन चौधरी ही पीएसी के अगले चेयरमैन होंगे। पीएसी संसद की महत्वपूर्ण समिति है। यह सीएजी की रिपोर्ट आदि की समीक्षा करके संसद को अपनी रिपोर्ट देती है।