भारतीय सीरम संस्थान (एसआईआई) के सीईओ अदार पूनावाला ने बुधवार को दावा किया कि कोरोना वायरस के 'मेड इन इंडिया' टीकों ने संक्रमण के खिलाफ फाइजर और मॉडर्ना जैसी एमआरएनए टीकों के मुकाबले अधिक सुरक्षा प्रदान की है। एसआईआई कोविशील्ड का उत्पादन करता है।
विज्ञापन
समाचार एजेंसी एएनआई की एक रिपोर्ट के अनुसार पूनावाला ने कहा कि यह अच्छा है कि फाइजर और मॉडर्ना जैसे टीकों को भारत में नहीं लाया गया। उन्होंने कहा कि अमेरिका जैसे देशओं में लोग दूसरी और तीसरी बूस्टर खुराक ले चुके हैं और फिर भी संक्रमित हो रहे हैं। लेकिन, भारत में हमारे टीकों ने अच्छी सुरक्षा दी है।
कोविशील्ड टीके के निर्यात के सवाल पर पूनावाला ने कहा कि भारत ने इसे अब तक 80 से अधिक देशों को निर्यात किया है। उन्होंने कहा, 'हम अब तक 80 से अधिक देशों को 10 करोड़ से अधिक खुराकें पहुंचा चुके हैं। अब मामले कम हो रहे हैं इसलिए इनकी मांग कम हो रही है।'
विज्ञापन
पूनावाला ने यह भी कहा कि जिन देशों में लोगों को एमआरएनए टीका दिया गया है, वहां कई लोगों को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा और बड़ी संख्या में नए मामले भी सामने आए। उन्होंने कहा कि ऐसा इसलिए हुआ क्योंकि ये टीके वायरल संक्रमण के खिलाफ अच्छी सुरक्षा उपलब्ध नहीं करा पाते।