अभिनेता से नेता बने थलपति विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कझगम (टीवीके) ने 27 सितंबर को करूर में हुई भगदड़ में मारे गए 39 लोगों के परिवारों को 20-20 लाख रुपये की राहत राशि प्रदान की है। पार्टी ने शनिवार (18 अक्तूबर) को एक बयान में बताया कि यह राशि सीधे तौर पर प्रभावित परिवारों के बैंक खातों में ट्रांसफर कर दी गई है।
TVK ने 20-20 लाख रुपये की दी सहायता राशि
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए टीवीके ने कहा, "39 परिवारों को 20-20 लाख रुपए भेजे गए हैं, जो कुल 7.8 करोड़ रुपए की सहायता राशि है।" टीवीके के एक वरिष्ठ पदाधिकारी ने बताया कि अभिनेता विजय शुरुआत में पीड़ित परिवारों से व्यक्तिगत रूप से मिलने और सांत्वना देने के बाद सहायता राशि प्रदान करना चाहते थे, लेकिन उन्होंने यह सुनिश्चित करना जरूरी समझा कि राशि पहले उनके खातों तक पहुंचे।
पार्टी के पदाधिकारी के मुताबिक टीवीके सदस्यों ने पीड़ित परिवार के बैंक खाते जुटा लिए थे। करूर की रहने वाली सेल्वरानी, जिन्होंने इस भगदड़ में अपनी बेटी को खोया, उन्होंने बताया,"टीवीके सदस्यों ने बैंक खाता विवरण पहले ही ले लिया था और आज मेरे खाते में 20 लाख रुपये स्थानांतरित कर दिए गए।"
पीड़ित परिवारों के खाते में सीधी राशि ट्रांसफर
पार्टी सूत्रों ने शनिवार को पुष्टि की कि राहत राशि 39 पीड़ित परिवारों के बैंक खातों में जमा कर दी गई है। हालांकि, दो परिवारों को अब तक यह सहायता नहीं मिल सकी है। पार्टी के अनुसार, संबंधित मामलों में कुछ दस्तावेज़ अधूरे हैं, जिसकी वजह से प्रक्रिया लंबित है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जैसे ही जरूरी कागजात पूरे होंगे, शेष भुगतान भी शीघ्र कर दिए जाएंगे।
आपको बता दें कि करूर भगदड़ में मरने वालों के अलावा, 60 से अधिक लोग घायल हुए थे। घटना के बाद टीवीके ने अपने परिजनों को खोने वाले परिवारों को 20 लाख रुपये और घायलों को 2-2 लाख रुपये की राहत राशि देने की घोषणा की थी। टीवीके पीड़ितों के परिवारों को गोद लेगी और शिक्षा और रोजगार में सहायता करेगी।