कर्नाटक के चामराजानगर जिले में एक बाघिन और उसके चार शावकों की मौत के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। दरअसल बाघिन और उसके शावकों की बदले के तहत जान ली गई थी। बाघिन ने एक व्यक्ति की गाय का शिकार किया था, जिससे नाराज होकर आरोपी ने बाघिन और उसके शावकों को जहर दे दिया। शनिवार को वन विभाग के अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
गाय के अवशेष से हुआ खुलासा
पुलिस ने बताया कि तीन लोगों को इस मामले में गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार लोगों में एक मृत गाय का मालिक है, जिसका शिकार बाघिन ने किया था। घटना चामराजानगर जिले के हुग्याम वन क्षेत्र की है। बाघिन औऱ उसके शावक गुरुवार को मृत पाए गए थे, जिसे लेकर काफी हंगामा हुआ। जांच में पता चला कि बाघिन और उसके शावकों को जहर दिया गया था। जांच के दौरान पुलिस को घटनास्थल से एक गाय के शव के अवशेष मिले। जांच में पता चला कि ये गाय मदा उर्फ मादुराजू की थी।
पुलिस ने बताया कि बाघिन ने मादुराजू की गाय केंची को मार डाला था। इससे मादुराजू बेहद नाराज और गुस्से में था। अपने नुकसान के चलते आरोपी मादुराजू ने मृत गाय के अवशेष पर जहर छिड़क दिया, जब बाघिन और उसके शावक फिर से गाय का मांस खाने के लिए लौटे तो मांस के साथ जहर भी उनके शरीर में चला गया, जिससे बाघिन और उसके शावकों की मौत हो गई। पूछताछ के दौरान मादुराजू के पिता ने दावा किया कि बाघिन और उसके शावकों की मौत का जिम्मेदार वह है, लेकिन जांच में जब मादुराजू की संलिप्तता का खुलासा हुआ तो उसके पिता को छोड़ दिया गया।
ये भी पढ़ें-
TMC: 'पिछले दरवाजे से एनआरसी लाने की कोशिश हो रही', टीएमसी ने मतदाता सूची की जांच पर उठाए सवाल
सीएम ने मांगी रिपोर्ट
इस घटना को लेकर काफी हंगामा हुआ और लोगों ने वन्य जीवों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई। सीएम सिद्धारमैया ने भी इस मामले में रिपोर्ट मांगी है और प्रदेश के वन मंत्री ने कहा है कि किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, कर्नाटक में 563 बाघ हैं, जो मध्य प्रदेश के बाद देश में सबसे ज्यादा हैं।